जबलपुर। बेलखेड़ा थाना क्षेत्र के पिपरिया कला गांव में उधारी के विवाद को लेकर किराना दुकानदार 40 वर्षीय इंदल घोसी पर हेमराज, चंदू, करण और रामफल लोधी ने जानलेवा हमला कर दिया। लहूलुहान इंदल को लेकर उनके भाई उमेश और भाभी विक्को बाई तुरंत बेलखेड़ा थाने पहुंचे। वहां तैनात सब इंस्पेक्टर बलवीर सिंह ने संवेदनहीनता की हदें पार करते हुए घायल और उसके परिजनों को मदद देने के बजाय करीब 30 मिनट तक हवालात में बंद रखा। हवालात के भीतर इंदल की हालत लगातार बिगड़ती गई और जब वह बेहोश होने लगे, तब कहीं जाकर उन्हें अस्पताल भेजा गया। समय पर इलाज न मिलने के कारण बुधवार को अस्पताल में इंदल की मौत हो गई। इस घटना से गुस्साए परिजनों ने शव सड़क पर रखकर उग्र प्रदर्शन किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पाटन एसडीओपी लोकेश डाबर ने जांच की। थाने के सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर सब इंस्पेक्टर बलवीर सिंह की करतूत साफ उजागर हो गई। जांच रिपोर्ट के बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने दोषी सब इंस्पेक्टर को तुरंत सस्पेंड कर दिया और फरार आरोपियों के खिलाफ केस में हत्या की नई धारा जोड़ दी है।
