पारिवारिक प्रताड़ना के चलते विवाहिता ने उठाया आत्मघाती कदम
जबलपुर। पनागर थाना अंतर्गत आने वाले ग्राम खिरैनी निवासी हरिप्रसाद साहू की बेटी मंजूलता साहू की शादी वर्ष 2011 में बरेला निवासी प्रदीप साहू उर्फ प्रवीण कुमार साहू से हुई थी। शादी के बाद से ही मंजूलता को उसका पति शराब पीकर लगातार शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। हाल ही में आरोपी पति ने मृतका के भाई की शादी में हुए खर्च के नाम पर 35,000 की मांग की थी, जिसे पिता हरिप्रसाद ने विवाद शांत करने के लिए दे भी दिया था। इसके बाद भी दामाद द्वारा मारपीट और जुल्म का सिलसिला बंद नहीं हुआ। इस रोज-रोज के क्लेश और गंभीर प्रताड़ना से तंग आकर आखिरकार विवाहिता मंजूलता ने जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
गंभीर हालत में अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
परिजनों को सुबह के समय जानकारी मिली कि मंजूलता की स्थिति बेहद नाजुक है और उसे इलाज के लिए नेशनल अस्पताल में दाखिल कराया गया है। जब मायके पक्ष के लोग अस्पताल पहुंचे तो वहां मंजूलता दम तोड़ चुकी थी। इस दुखद घटना के बाद पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया और मृतका के शव को उसके ससुराल बरेला भिजवाकर सुरक्षित रखवाया। मायके पक्ष के लोगों के बयानों को दर्ज करके इस पूरे मामले की बारीक जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर करेगी कार्रवाई
बरेला थाना प्रभारी संगीता सिंह ने बताया कि पुलिस ने मर्ग कायम कर इस मामले की कानूनी तफ्तीश शुरू कर दी है। पुलिस मृतका की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार कर रही है। पीएम रिपोर्ट में जो भी तथ्य और साक्ष्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आरोपी पति प्रदीप साहू और इस प्रताड़ना में शामिल अन्य दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
