कम्पनी का दावा, रिकॉर्ड समय में 97 प्रतिशत शिकायतों का हुआ निपटारा
जबलपुर। मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड के कार्यक्षेत्र में 9 जून को आए भीषण आंधी-तूफान और बारिश से बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। इस प्राकृतिक आपदा के बीच प्रभावित उपभोक्ताओं की मदद के लिए कंपनी का टोल फ्री नंबर 1912 सबसे बड़ा मददगार बनकर उभरा। कम्पनी द्वारा जारी जानकारी के अनुसार कंपनी के टोल फ्री नंबर पर समय पर शिकायत है दर्ज हुई और उनका रिकॉर्ड टाइम में निराकरण किया गया।
त्वरित तकनीकी रिस्पांस से बहाल हुई बिजली
तेज हवाओं और बारिश के कारण जबलपुर सहित विभिन्न जिलों में बिजली के खंभे और तार क्षतिग्रस्त हो गए थे। इस संकट के दौरान उपभोक्ता सेवा केंद्र पर एक ही दिन में कुल 44,493 कॉल प्राप्त हुईं। सजगता दिखाते हुए कंट्रोल रूम की टीम ने इनमें से 44,070 कॉल्स का तत्काल जवाब देकर उपभोक्ताओं को जरूरी जानकारी दी।
युद्धस्तर पर काम कर रिकॉर्ड समय में निपटीं शिकायतें
विपरीत मौसम के बीच कंपनी को बिजली गुल होने की कुल 24,124 शिकायतें मिलीं। मैदानी अमले और अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए 23,628 शिकायतों का मौके पर ही निराकरण कर दिया, जो कि कुल शिकायतों का लगभग 97 प्रतिशत है। प्रबंधन के अनुसार खराब मौसम में भी आम जनता तक निर्बाध बिजली पहुंचाना और उनकी समस्याओं का समाधान करना कंपनी की सबसे बड़ी प्राथमिकता है।
