खबर है कि बेलखेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम पिपरिया कलां निवासी उमेश उर्फ इंदर पिता तेजी सिंह, उम्र 30 वर्ष का बीती शाम गांव में ही कुछ लोगों से विवाद हो गया था। विवाद के दौरान दबंगों ने उमेश के सिर पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में उमेश के सिर पर गंभीर चोटें आई। उमेश को खून से लथपथ हालत में परिजन थाना लेकर पहुंचे, जहां पर पुलिस ने घायल का इलाज कराने के बजाय थाना के लाकअप में तीन घंटे तक बंद रखा, जिससे उमेश की हालत बिगड़ती ही चली गई और वह खून की उल्टियां करने लगा, फर्श पर खून बहता रहा। लॉकअप के भीतर ही उमेश की भाभी अपनी धोती से खून और उल्टियां साफ करती रही, इसके बाद भी पुलिस कर्मी सबकुछ देखते रहे, लेकिन इलाज के लिए नहीं अस्पताल नहीं ले गए। वहीं दूसरी ओर, हमलावर और अनावेदक थाने के बाहर आराम से बैठे रहे। जब हालत अत्यधिक बिगड़ी तो घायल उमेश को मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, तो इलाज के दौरान आज सुबह उमेश की मौत हो गई। मौत की खबर सुनते ही पिपरिया कलां के ग्रामीण और परिजन भड़क उठे। सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों ने बेलखेड़ा थाने को घेराव कर दिया। खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए, जिन्होने लोगों से चर्चा करते हुए कहा कि जांच के बाद उचित कार्यवाही की जाएगी। वहीं मामले को लेकर एसपी संपत उपाध्याय ने मामले की जांच के निर्देश दे दिए है। घटना दिनांक के सीसीटीवी फुटेज व अन्य तथ्य देखे जा रहे हैं। रिपोर्ट जल्द ही पुलिस अधीक्षक को सौंप दी जाएगी। वहीं जिस घटना में मृतक घायल हुआ था उसकी एफआईआर 9 जून को दर्ज कर ली गई थी, अब उसमें धाराओं को बढ़ाया जाएगा।