सागर. एमपी के सागर के गौरझामर में मंगलवार देर रात घर में सोते समय एक शिक्षक पिता और उनके 9 साल के बेटे की अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजन उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल लेकर दौड़े, लेकिन जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही दोनों ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों का पोस्टमार्टम कराया है और मौत के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, गौरझामर के सरस्वती शिशु मंदिर में पदस्थ आचार्य भोलेनाथ (पिता पूरनलाल प्रजापति, उम्र 49 वर्ष) अपने 9 वर्षीय बेटे लक्ष्य प्रजापति के साथ मंगलवार रात घर में एक साथ सो रहे थे। उनकी पत्नी और तीन बेटियां अलग कमरे में सो रही थीं। देर रात करीब 2:30 बजे अचानक बेटे लक्ष्य की तबीयत बिगड़ी और उसे घबराहट होने लगी। कुछ ही देर बाद आचार्य भोलेनाथ की भी हालत बिगडऩे लगी और उन्हें उल्टियां होने लगीं।
पिता-पुत्र की तबीयत बिगड़ती देख घबराए परिवार वाले रात में ही दोनों को गौरझामर में एक स्थानीय डॉक्टर के पास ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें देवरी स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया गया। देवरी में डॉक्टरों ने उपचार किया, लेकिन हालत नाजुक होने पर तत्काल एंबुलेंस की मदद से दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालांकि, इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में पिता-पुत्र की मौत हो गई।
शादी समारोह से लौटकर घर आए थे मृतक
परिजनों ने बताया कि मंगलवार को मृतक भोलेनाथ प्रजापति किसी परिचित के घर शादी समारोह में शामिल होने के लिए मढ़ी जमुनिया गए थे। वहां से वे रात करीब 8 बजे वापस घर लौट आए थे। इसके बाद घर में पिता-पुत्र एक साथ सो गए थे, जिसके बाद देर रात अचानक यह हादसा हो गया।
पीएम रिपोर्ट से कारणों का पता चल सकेगा
मृतक लक्ष्य परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी कुल चार बहनें हैं, जिनमें से बड़ी बहन की शादी हो चुकी है। इस अचानक हुई घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गौरझामर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों का पंचनामा बनाया और पोस्टमार्टम के बाद उन्हें परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल मौत का स्पष्ट कारण पता नहीं चल सका है। पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जिसके बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
