khabar abhi tak

आईजी कार्यालय के हेड कांस्टेबल पर बीच रास्ते जानलेवा हमला




बदमाशों ने ड्यूटी पर जाते पुलिसकर्मी को घेरा

जबलपुर।  गोरखपुर थाना क्षेत्र के हाउबाग में अपराधियों के हौसले इतने बढ़ गए हैं कि उन्होंने आईजी कार्यालय की महिला सुरक्षा शाखा में पदस्थ 54 वर्षीय प्रधान आरक्षक सविनय लोधी पर उस समय हमला कर दिया, जब वे रात करीब 9 बजे अपने घर से बाइक द्वारा कार्यालय ड्यूटी के लिए निकले थे। हाउबाग साईं मंदिर के पास मुन्ना पंडित के मकान में किराए पर रहने वाले घंटी नामक युवक ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर उनका रास्ता रोका और पूछताछ करने पर विवाद करते हुए लात-घूसों से उनकी बेरहमी से पिटाई कर दी। वारदात के बाद आरोपी पुलिसकर्मी को जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई और अब पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

​रास्ता पूछने पर अपराधियों ने किया हमला

​हाउबाग स्टेशन, दुर्गा कन्याशाला स्कूल के पास रहने वाले प्रधान आरक्षक सविनय लोधी जब साईं मंदिर के पास पहुंचे, तो घंटी और उसके दोस्तों ने उनका रास्ता रोक लिया। सविनय लोधी ने अपनी बाइक किनारे खड़ी की और रास्ता रोकने की वजह पूछी। इतनी सी बात पर घंटी नाम का युवक भड़क गया और बहस करने लगा।प्रधान आरक्षक ने बदमाशों को समझाने और बेवजह विवाद न करने का प्रयास किया, लेकिन तीनों आरोपी उग्र हो गए। बदमाशों ने अचानक हमला बोलकर लात-घूसों की बरसात कर दी। घायल पुलिसकर्मी को वहीं छोड़कर आरोपी फरार हो गए। पुलिस विभाग ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए टीमें रवाना कर दी हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak