जबलपुर। संकल्प संगठित परिवार और श्री राम सेवा संस्थान ने पर्यावरण दिवस पर प्रकृति संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण का महासंकल्प लिया। शुक्रवार को वृहद पौधा रोपण अभियान के तहत एक पौधा मां के नाम मुहिम के अंतर्गत संस्थान के सदस्यों और स्थानीय नागरिकों ने मिलकर विभिन्न छायादार और फलदार पौधे रोपे। सभी लोगों ने न केवल पौधे लगाने का बल्कि उन्हें सुरक्षित रखकर एक मां की तरह उनका लालन.पालन करने का भी अटूट संकल्प लिया।
संकल्प संगठित परिवार की अध्यक्ष चांदनी ताम्रकार, ने बताया कि पौधा रोपण के साथ-साथ संकल्प संगठित परिवार के सहयोग से भीषण गर्मी में बेजुबान और बेसहारा जीवों के लिए विशेष सेवा अभियान चलाया। जंगल, पहाड़ी और आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले बंदरों को ब्रेड और बिस्किट खिलाए गए। जलचर जीवों के लिए जलाशयों में जाकर मछलियों को दाना डाला गया। नन्हीं चींटियों की सेवा सनातन परंपरा का निर्वाह करते हुए चींटियों के ठिकानों पर कसार पंजीरी अर्पित की गई। इसी कड़ी में बेसहारा कुत्तों के लिए भी पौष्टिक दूध, बिस्किट और ब्रेड खिलाया गया। इस दौरान स्वामी राघव देवाचार्य, सिद्धेश्वर पुरी, दिगंबर स्वामी मदन मोहन गिरी, अवधेश यादव, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्गमोर्चा जन अभियान परिषद मैहर प्रभारी प्रदीप तिवारी, शैलेंद्र सिंह ठाकुर, पं उत्तम पांडे, विद्या केवट, पहलाद बाबू, गुड्डू, गुंजन यादव उपस्थित रहे।

