khabar abhi tak

पिपरिया-पचमढ़ी मार्ग पर सबसे लंबे तवा ब्रिज में मिला क्रैक, भारी वाहनों का प्रवेश रोका गया

नर्मदापुरम. एमपी के नर्मदापुरम जिले में पिपरिया पचमढ़ी स्टेट हाईवे मार्ग स्थित 1982 में बने 1330 मीटर का सबसे लंबा तवा पुल के तीन पिलरों के स्लैब में क्रैक आ गए हैं. जिसके चलते 16 जून तक पुल पर भारी वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगा दिया गया है. जानकारी लगते ही अधिकारी मौके पर पहुंचे. मध्य प्रदेश सड़क विकास निगम की ब्रिज एक्सपर्ट टीम द्वारा मरम्मत का कार्य शुरू कराया है.

सहायक महाप्रबंधक सड़क विकास निगम के प्रवीण निमजे ने टीम के साथ तवा पुल का निरीक्षण किया था. इस दौरान तवा पुल के पिल्लर क्रमांकन 52, 53, 54 के डेक स्लैब में क्रैक पाया गया. जानकारी लगते ही एमपीआरडीसी के डिवीजनल मैनेजर एवं नर्मदापुरम यातायात पुलिस डीएसपी संतोष मिश्रा भी मौके पर पहुंचे और घटना की गंभीरता देखते हुए भारी वाहनों के आवागमन के चलते तवा पुल पर वाहनों की रोक लगा दी गई.

भारी वाहनों पर लगा प्रतिबंध

मध्य प्रदेश सड़क विकास निगम के द्वारा तवा पुल के स्लैब में क्रैक भरने का काम शुरू कराया गया है. जिसमें लगभग 4 दिन का समय लगेगा. तवा पुल के मरम्मत कार्य के लिए 16 जून शाम 6 बजे तक पुल से भारी वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंधित कर दिया गया. इस दौरान तवा पुल से छोटे वाहन गुजर सकेंगे. जिनमें कार, दो पहिया वाहन, ऑटो शामिल हैं. ओवरलोड और भारी वाहन पुल से नहीं गुजर सकेंगे. हालांकि इस दौरान भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग बांद्राभान सांगाखेड़ा माखन नगर से होकर रहेगा.

पिल्लरों का मरम्मत कार्य हुआ शुरु

एमपीआरडीसी के डिवीजनल मैनेजर ने बताया कि, तवा पुल के तीन पिल्लरों की स्लैब में क्रैक आ गई है. जिसके चलते भारी वाहनों पर प्रतिबंध लगाया गया. एमपीआरडीसी की एक्सपर्ट टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया था, जिसके बाद स्लैब भराने का काम शुरू करा दिया गया है. 16 जून को शाम तक सुधार कार्य हो जाएगा, जिसके बाद सुचारू रूप से सभी वाहनों का आवागमन हो सकेगा.

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak