जबलपुर। सिहोरा की रहने वाली एक नवविवाहिता हेमलता पटेल मरते-मरते अपने पति सहित सास-ससुर, देवर के खिलाफ दहेज लाने के लिए तंग करने का आरोप लगा गई। यह घटना अमगवां गांव की है, जहां नवविवाहिता ने तंग होकर खेत में डालने वाली कीटनाशक दवा का सेवन कर लिया था। इलाज के लिए उसे अस्पताल पहुंचाया गया था लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी।
खितौला पुलिस ने बताया कि भीटाखुर्द निवासी हेमंत पटेल ने सूचना दी थी कि उसकी बहन हेमलता पटैल पति अजीत पटैल निवासी ग्राम अमगवां ने 23 जून की दोपहर लगभग 3 बजे अमगवां अपनी ससुराल में इल्लीमार दवा का सेवन कर ली थी, जिसने उसे फोन से बताया था। वह बहन की ससुराल जाकर बहन हेमतला को उपचार हेतु शासकीय अस्पताल सिहोरा में भर्ती कराया। सूचना पर पहुंची पुलिस द्वारा नव विवाहिता हेमलता पटेल के मृत्युकालीन कथन कार्यपालिक दण्डाधिकारी सिहोरा से कराये गये तथा स्वतः पूछताछ कर कथन लेख किये गये। कथन में उसने बताया कि 23 जून की सुबह से पति अजीत पटेल, देवर सुजीत पटेल, सास सुषमा बाई एवं ससुर लक्ष्मण पटेल द्वारा दहेज के लिये परेशान कर लड़ाई झगड़ा, मारपीट कर शारीरिक एवं मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। इससे परेशान होकर खेत में डालने वाली दवाई का सेवन कर लेने से इलाज हेतु भाई हेमंत पटैल द्वारा लाकर भर्ती कराया गया है। मृतक हेमलता के कथनों के आधार पर आरोपी पति, सास, ससुर, देवर के विरूद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
