जबलपुर. क्षेत्रीय राजभाषा कार्यान्वयन समिति, पश्चिम मध्य रेल, जबलपुर की 73वीं बैठक दिनांक 24 जून को समिति अध्यक्ष एवं महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई। अपने अध्यक्षीय संबोधन में श्री सिंह ने कहा कि भारत सरकार की राजभाषा नीति के अनुरूप सरकारी कामकाज में राजभाषा हिंदी को प्रेरणा एवं प्रोत्साहन से आगे बढ़ाया जाए।
उन्होंने कहा, मुझे खुशी है कि इस रेलवे पर राजभाषा हिंदी के प्रयोग-प्रसार में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। उन्होंने सबका आव्हान करते हुए कहा कि हिंदी का प्रचार-प्रसार सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए सभी को ठोस प्रयास करने होंगे तभी हम वार्षिक कार्यक्रमों के निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त कर सकेगें। उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों एवं मंडलों/कारखानों के कार्यालय प्रमुखों से विभिन्?न राजभाषा मदों पर अमल कर कार्रवाई करने को कहा।
बैठक के दौरान राजभाषा विभाग, पश्चिम मध्य रेलवे, मुख्यालय, जबलपुर की त्रैमासिक राजभाषा पत्रिका राजभाषा सरिता के 57वें अंक का विमोचन किया गया। उन्होंने राजभाषा पत्रिका के नियमित प्रकाशन पर प्रसन्न्ता व्यक्त की।
बैठक में उपस्थित मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) श्री एम.एस.हाशमी ने समीक्षाधीन तिमाही में मुख्यालय, मंडलों एवं कारखानों में आयोजित कार्यक्रमों जैसे हिंदी साहित्यकारों की जयंती एवं हिंदी कार्यशाला से समिति अध्यक्ष एवं सदस्यों को अवगत कराया। उन्होंने रेलवे बोर्ड स्तर पर पमरे मुख्यालय को रेल मंत्री राजभाषा शील्ड प्राप्त होने पर बधाई दी। इस बैठक में समिति सदस्य एवं विभाग प्रमुख तथा मंडलों के अपर मंडल रेल प्रबंधक व कारखानों के मुख्य कारखाना प्रबंधक ऑन लाइन उपस्थित थे। सभी ने विभागों, मंडलों तथा कारखानों में सरकारी कामकाज में हुई राजभाषा प्रगति से अध्यक्ष/महाप्रबंधक पमरे को अवगत कराया तथा रचनात्मक सुझाव दिये।
