khabar abhi tak

रेलवे कर्मचारियों की ड्यूटी को लेकर बोर्ड सख्त, तय समय से ज्यादा काम कराने पर रोक, सभी जोन को निर्देश जारी

नई दिल्ली। रेलवे कर्मचारियों के निर्धारित कार्य घंटों और विश्राम की व्यवस्था को लेकर रेलवे बोर्ड ने सख्त रुख अपनाया है। बोर्ड ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी कर्मचारी से तय समय से अधिक काम नहीं कराया जाए और न ही निर्धारित विश्राम अवधि में कटौती की जाए। कर्मचारियों की कमी या परिचालन संबंधी दबाव का हवाला देकर नियमों का उल्लंघन नहीं किया जा सकेगा।

रेलवे बोर्ड ने सभी जोनल रेलवे के महाप्रबंधकों को पत्र जारी कर रनिंग स्टाफ सहित अन्य परिचालन श्रेणी के कर्मचारियों के ड्यूटी समय, रोस्टर और विश्राम संबंधी नियमों का कड़ाई से पालन कराने को कहा है।

रेलवे बोर्ड के निदेशक (स्थापना) पीयूष कपासी की ओर से जारी पत्र में बताया गया है कि फेडरेशन ने 17 अक्टूबर 2026 को इस संबंध में अपना प्रतिनिधित्व सौंपा था। इसमें कर्मचारियों की कमी और परिचालन संबंधी दबाव के कारण निर्धारित ड्यूटी अवधि, रोस्टर और आराम के नियमों का पालन नहीं होने की समस्या उठाई गई थी।

नियमों से समझौता नहीं कर सकेंगे रेलवे अधिकारी

रेलवे बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि रेलवे अधिनियम, 1989 के अध्याय 14 और रेलवे कर्मचारी कार्य घंटे एवं विश्राम अवधि नियम, 2005 में निर्धारित प्रावधानों का अनिवार्य रूप से पालन किया जाना चाहिए। इसके अलावा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देश भी प्रभावी रहेंगे।

बोर्ड ने साफ किया है कि कर्मचारियों की कमी या ट्रेनों के परिचालन की आवश्यकता को आधार बनाकर निर्धारित कार्य अवधि और विश्राम के नियमों में छूट नहीं दी जा सकती। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करना होगा कि कर्मचारियों से नियमों के विरुद्ध अतिरिक्त ड्यूटी न कराई जाए।

कर्मचारियों की सेहत और ट्रेन परिचालन की सुरक्षा पर जोर

रेलवे बोर्ड ने कर्मचारियों के स्वास्थ्य और कल्याण को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त विश्राम को जरूरी बताया है। बोर्ड के मुताबिक, समय पर आराम मिलने से कर्मचारियों की कार्यक्षमता और सतर्कता बनी रहती है। विशेष रूप से ट्रेन परिचालन से जुड़े कर्मचारियों के लिए पर्याप्त विश्राम बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि उनकी सतर्कता का सीधा संबंध यात्रियों की सुरक्षा से है।

सभी जोनल रेलवे में होगी निगरानी

रेलवे बोर्ड ने सभी जोनल रेलवे को अपने-अपने क्षेत्र में ड्यूटी के घंटे, कार्य रोस्टर और विश्राम से जुड़े नियमों की समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही प्रत्येक इकाई में निगरानी व्यवस्था विकसित करने को कहा गया है।

इस व्यवस्था के जरिए यह सुनिश्चित किया जाएगा कि किसी भी कर्मचारी को निर्धारित नियमों का उल्लंघन कर ड्यूटी पर तैनात न किया जाए। बोर्ड के इस कदम से रेलवे कर्मचारियों को समय पर आराम मिलने और ओवरटाइम ड्यूटी के नाम पर होने वाली मनमानी पर रोक लगने की उम्मीद है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak