khabar abhi tak

जबलपुर : रेत का अवैध परिवहन करते दो डंपर, एक ट्रैक्टर जप्त, 80 ट्रॉली अवैध रेत भंडारण भी पकड़ा गया

जबलपुर. खनिज के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर सख्ती से रोक लगाने कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह के निर्देशानुसार राजस्व, खनिज एवं पुलिस की संयुक्त कार्यवाही लगातार जारी है। इसी सिलसिले में एसडीएम पाटन मानवेन्द्र सिंह के नेतृत्व में कटंगी और पाटन तहसील में की गई अलग-अलग कार्यवाहियों में रेत का अवैध परिवहन करते एक ट्रेक्टर और दो डंपर जप्त किये गये हैं, वहीं 80 ट्रॉली रेत का अवैध भंडारण भी पकड़ा गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार एसडीएम पाटन मानवेंद्र सिंह के नेतृत्व में राजस्व व खनिज अमले ने दो और तीन जून को पाटन अनुभाग के अंतर्गत कटंगी एवं पाटन तहसील में हिरन नदी से संलग्न क्षेत्रों और मुख्य सड़क मार्ग का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जहां ग्राम कटंगी में खनिज रेत का अवैध परिवहन करते पाये जाने पर एक ट्रैक्टर को मौके पर ही जप्त कर थाना कटंगी की अभिरक्षा में रखवाया गया। वहीं, नुनसर टोल गेट के पास अवैध रेत परिवहन में लिप्त पाये जाने पर दो डंपर जप्त किये गये। इनमें से एक डंपर को बिना टीपी के रेत का परिवहन करते पाये जाने पर और दूसरे डंपर को ओवरलोडिंग के कारण जप्त किया गया है। जप्त किये गये दोनों डंपर को नुनसर पुलिस चौकी के सुपुर्द कर कर दिया गया है। पाटन अनुभाग के अंतर्गत खनिज और राजस्व अमले द्वारा एक और बड़ी कार्यवाही कर ग्राम मड़वा और पिपरिया में करीब 80 ट्रॉली (240 घन मीटर) अवैध रूप से भंडारित खनिज रेत को जप्त किया गया।

इन कार्यवाहियों में एसडीएम पाटन मानवेंद्र सिंह के साथ तहसीलदार सच्चिदानंद त्रिपाठी, नायब तहसीलदार जय सिंग धुर्वे, नायब तहसीलदार रश्मि चौधरी, खनि निरीक्षक विवेकानंद यादव सहित राजस्व, पुलिस एवं खनिज अमला शामिल था। एसडीएम पाटन मानवेन्द्र सिंह ने बताया कि रेत के अवैध उत्खनन परिवहन और भंडारण के इन मामलों में प्रकरण दर्ज कर खनिज विभाग के माध्यम से कलेक्टर न्यायालय को वैधानिक कार्यवाही के भेजा जा रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak