khabar abhi tak

जबलपुर : कृषि मंडी से 80 क्विंटल मूंग की अजब चोरी, ट्रक निकालकर मूंग उतारी, फिर खाली वाहन वापस खड़ा कर दिया

जबलपुर. पाटन कृषि उपज मंडी में सनसनीखेज चोरी का एक मामला प्रकाश में आया है. यहां पर किसानों से खरीदी गई 134 बोरी मूंग से भरे ट्रक को बदमाश मंडी से बाहर ले गए, अनाज दूसरे वाहन में उतार लिया और खाली ट्रक वापस उसी जगह खड़ा कर गए। घटना में करीब 80 क्विंटल मूंग चोरी हुई है, जिसकी कीमत लगभग साढ़े चार लाख रुपए बताई जा रही है। घटना 15-16 जून की दरमियानी रात की बताई जा रही है।

पाटन निवासी अनाज व्यापारी विकास अग्रवाल ने किसानों से 134 बोरी (करीब 80 क्विंटल) मूंग खरीदी थी। उन्होंने बताया कि मूंग से भरे ट्रक को सुरक्षा की दृष्टि से मंडी परिसर में खड़ा किया गया था। योजना थी कि अगले दिन सुबह माल को जबलपुर ले जाया जाएगा। 16 जून की सुबह जब व्यापारी मंडी पहुंचे तो ट्रक अपनी जगह पर खड़ा मिला, लेकिन उसमें लदी पूरी मूंग गायब थी। ट्रक खाली देखकर व्यापारी ने मंडी परिसर में तलाश की, लेकिन अनाज का कोई पता नहीं चला।

सीसीटीवी में ट्रक ले जाते दिखे संदिग्ध

व्यापारी की शिकायत के बाद पुलिस ने मंडी और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में रात करीब 1 से 2 बजे के बीच दो से तीन लोग ट्रक को मंडी से बाहर ले जाते हुए दिखाई दिए हैं। पुलिस का अनुमान है कि आरोपियों ने ट्रक को बाहर ले जाकर अनाज दूसरे वाहन में उतारा और फिर खाली ट्रक वापस मंडी में खड़ा कर दिया।

मंडी प्रबंधन ने चौकीदारों की मौजूदगी बताई

मंडी सचिव फूलसिंह ने बताया कि मंडी में सुरक्षा के लिए 24 घंटे चौकीदार तैनात रहते हैं। घटना वाली रात भी चौकीदार ड्यूटी पर थे। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे मंडी परिसर के बाहर गश्त कर रहे थे, इसी दौरान चोर अंदर घुसकर वारदात को अंजाम दे गए। पाटन थाना प्रभारी जी.एस. राजपूत ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak