khabar abhi tak

जबलपुर : शोभापुर में साइबर कैफे की आड़ में चल रहा था रेल टिकटों का गोरखधंधा, आरपीएफ ने 74 ई-टिकट जब्त की

 
जबलपुर.
रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने गुरुवार 4 जून को बड़ी कार्रवाई करते हुए एक साइबर कैफे संचालक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 74 अवैध ई-टिकट बरामद किए गए हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 1 लाख 24 हजार रुपए बताई जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुमित झा (35) निवासी न्यू शोभापुर कॉलोनी के रूप में हुई है। आरपीएफ ने उसके कब्जे से कंप्यूटर, मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल उपकरण भी जब्त किए हैं। फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि आरोपी कब से इस अवैध कारोबार में शामिल था और अब तक कितने लोगों को टिकट बेच चुका है।

साइबर कैफै से बेचता था टिकट

 आरपीएफ पोस्ट जबलपुर प्रभारी राजीव खरब को सूचना मिली थी कि शोभापुर स्थित एक ऑनलाइन शॉप के जरिए अवैध रूप से रेल ई-टिकट बेचे जा रहे हैं। सूचना मिलते ही एसआई योगेंद्र सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और छापेमारी कर एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम सुमित झा बताया।

जांच में सामने आया कि आरोपी रांझी क्षेत्र में सन साइबर कैफे नाम से दुकान संचालित करता है। आरोपी ने अवैध कमाई के लिए एमपीऑनलाइन और अपनी छह अलग-अलग व्यक्तिगत आईआरसीटीसी यूजर आईडी का इस्तेमाल कर व्यावसायिक स्तर पर टिकट बुक किए। जरूरतमंद यात्रियों से प्रति टिकट 50 से 100 रुपए तक अतिरिक्त राशि वसूली जाती थी।

आरपीएफ द्वारा कंप्यूटर और डिजिटल रिकॉर्ड की जांच में कुल 74 अवैध ई-टिकट बरामद किए गए। इनमें 6 लाइव टिकट शामिल हैं, जिनकी कीमत 11,152 रुपए है, जबकि 68 पुराने टिकटों की कीमत 1,13,397 रुपए पाई गई। कुल जब्ती की कीमत 1,24,549 रुपए आंकी गई है।

रेलवे अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज

पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी टिकटों के बदले नकद के साथ-साथ ऑनलाइन डिजिटल वॉलेट और विभिन्न बैंक खातों के जरिए भुगतान लेता था। आरपीएफ ने संबंधित बैंक खातों और डिजिटल पेमेंट मोड को भी जांच के दायरे में लिया है। पूरी कार्रवाई के बाद आरोपी को जब्त सामान और कंप्यूटर सिस्टम सहित आरपीएफ पोस्ट जबलपुर लाया गया। आरोपी के खिलाफ रेलवे अधिनियम की धारा 143 के तहत अपराध क्रमांक 2160/26 दर्ज किया गया है। वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को बंध पत्र पर रिहा कर दिया गया।


Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak