सागर. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार, 14 जून को लाड़ली बहनों के खाते में 37वीं किस्त की राशि ट्रांसफर की। सीएम आज सागर जिले की देवरी विधानसभा के केसली में आयोजित विकास कार्यों के भूमिपूजन एवं लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल हुए।
इस दौरान सीएम ने लाड़ली बहना योजना की 37वीं किस्त जारी की। जिसके तहत मप्र की 1.25 करोड़ बहनों के बैंक खातों में 1835 करोड़ रुपए ट्रांसफर किए। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने देवरी क्षेत्र में 190.85 करोड़ रुपए की लागत के कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। कुल 53 विकास कार्यों को हरी झंडी दी गई। इनमें 122.02 करोड़ रुपए की लागत के 28 कार्यों का भूमिपूजन और 68.83 करोड़ रुपए की लागत के 25 कार्यों का लोकार्पण किया गया
अब तक योजना की 37 किस्त जारी
लाड़ली बहना योजना जून 2023 में शुरू की गई थी। अब तक जून 2026 तक योजना की 37 किस्त जारी की गई हैं। इस योजना की राशि को तीन हजार रुपए तक किए जाने की सीएम मोहन यादव बहुत पहले ऐलान कर चुके हैं। संभावना है कि आने वाले रक्षाबंधन पर योजना की राशि में 250 रुपए का इजाफा और किया जा सकता है। यानी एक महीने बाद बहनों के खाते में 1750 रुपए पहुंच सकते हैं। यहां बता दें रक्षाबंधन 28 अगस्त 2026 को पड़ रहा है। संभावना यह भी जताई जा रही है कि अगस्त में बहनों के खाते में दो किस्तें (39वीं और 40वीं) पहुंच सकती हैं।
देवरी-केसली में होगा सुविधाओं का विकास
अधिकारियों की मानें तो, देवरी और केसली में आज हुए भूमिपूजन और लोकार्पण कार्यक्रमों से दोनों विकासखंड में बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विस्तार होगा। प्रशासन के अनुसार, इन प्रोजेक्ट्स के जरिए स्थानीय नागरिकों को सड़क, पानी सहित बेहतर जनसुविधाएं और सेवाएं आसानी से उपलब्ध कराई जा सकेंगी।
केसली और गौरझामर नगर पंचायत बनेगी
देवरी विधायक की मांग पर सीएम ने केसली और गौरझामर को नगर पंचायत बनाने की घोषणा की।
