khabar abhi tak

एमपी में आकाशीय बिजली का कहर, बालाघाट में वॉच टावर के नीचे खड़े 3 लोगों की मौत, 3 घायल

बालाघाट. मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के बैहर थाना क्षेत्र के भीमोड़ी जलाशय के समीप बने वन विभाग के वॉच टावर पर आकाशीय बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। 

मृतकों में ग्राम भीमोड़ी निवासी झामसिंह पिता नन्वा ताराम (30), ग्राम बिरवा निवासी सतीश पिता दयाल सिंह वल्के (15) और लक्की पिता श्रीराम मेरावी (15) शामिल हैं। घायलों का इलाज बैहर अस्पताल में चल रहा है।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार को ग्राम भीमोड़ी निवासी झामसिंह मछली पकडऩे के लिए भीमोड़ी जलाशय गया था। वहीं सतीश और लक्की जलाशय की ओर घूमने गए थे। रायसिंह अर्मो (40) और देवलाल टेकाम (41), दोनों ग्राम अतरिया निवासी, भी किसी काम से वहां पहुंचे थे। ग्राम भीमोड़ी निवासी कचरी ताराम (50) कपड़े धोने गई थीं।

गरज-चमक के साथ बारिश

दोपहर करीब एक से डेढ़ बजे के बीच गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए सभी लोग वन विभाग के वॉच टावर के नीचे खड़े हो गए। इसी दौरान आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और चार लोग बेहोश हो गए। सभी घायलों को तत्काल बैहर अस्पताल ले जाया गया, जहां झामसिंह ताराम ने भी दम तोड़ दिया। रायसिंह अर्मो, देवलाल टेकाम और कचरी ताराम का इलाज जारी है।

घायलों का उपचार अस्पताल में जारी है

थाना प्रभारी जयंत मर्सकोले ने बताया कि भीमोड़ी जलाशय के समीप स्थित वन विभाग के वॉच टावर पर आकाशीय बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हुई है, जबकि तीन घायल हुए हैं। घायलों का उपचार अस्पताल में जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak