जबलपुर। पूर्णा से पटना जा रही गाड़ी संख्या 17610 में शुक्रवार की सुबह नरसिंहपुर-जबलपुर स्टेशन के बीच उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एस-8 कोच में सफर कर रहे एक यात्री ने अचानक चिल्लाते हुए कहा कि उसे सांप ने काट लिया है।
बताया जाता है कि बर्थ नंबर 69 पर यात्रा कर रहे विकास कुमार गहरी नींद में थे अचानक उन्हें पैर में कुछ काटने जैसा महसूस हुआ। दर्द के साथ उनकी नजर किसी पूंछ जैसी चीज पर पड़ी, जिससे उन्हें सांप के काटने की आशंका हुई। जिस पर वे जमकर चीख पड़े और बोले कि उन्हें सांप ने काट लिया है. यात्री की चीख सुनते ही पूरे कोच में भगदड़ मच गई और घबराए यात्री अपनी जान बचाने के लिए दूसरे डिब्बों की ओर भागने लगे। कुछ ही मिनटों में पूरा एस-8 कोच खाली हो गया।
जबलपुर स्टेशन पर 1 घंटे तक सघन तलाशी अभियान चला, कुछ नहीं मिला
ट्रेन सुबह 9.15 बजे जबलपुर स्टेशन पहुंची तो रेलवे अधिकारी, डॉक्टर और स्थानीय सर्प विशेषज्ञ मौके पर पहुंचे। कोच के हर हिस्से, सीटों के नीचे और सभी संभावित स्थानों पर करीब 1 घंटे तक सघन तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान ट्रेन सुबह 9:15 बजे से 10:15 बजे तक स्टेशन पर खड़ी रही, लेकिन कहीं भी सांप नहीं मिला। कुछ यात्रियों ने इसे चूहे की पूंछ होने की आशंका भी जताई।
विक्टोरिया अस्पताल भेजा
सुरक्षा के मद्देनजर विकास कुमार को ट्रेन से उतारकर प्राथमिक जांच के बाद विक्टोरिया अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी हालत स्थिर और खतरे से बाहर बताई गई है। प्रारंभिक जांच में भी ऐसा कोई प्रमाण नहीं मिला। कोच को सुरक्षित घोषित करने के बाद ट्रेन को पटना के लिए रवाना कर दिया गया।
