जबलपुर. शुक्रवार 26 जून की सुबह दिल्ली से जबलपुर के डुमना एयरपोर्ट पहुंची इंडिगो की फ्लाइट में सुप्रीम कोर्ट के एक वरिष्ठ वकील के साथ एक सहयात्री ने सामान उठाने पर हुए विवाद पर मारपीट कर दी। जिस समय मारपीट की गई, उस समय वकील के साथ उनका मासूम बेटा भी था. सुको के वकील ने पुलिस में मारपीट की शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है।
बताया जाता है कि सुप्रीम कोर्ट के एक चर्चित अधिवक्ता बांधवगढ़ भ्रमण के लिए दिल्ली से इंडिगो की फ्लाइट से जबलपुर पहुंचे थे। विमान से उतरने के दौरान सामान लेते समय एक अन्य यात्री से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढऩे पर यात्री ने अधिवक्ता को पीछे से धक्का देकर पीटा। यह घटना देखकर वहां मौजूद अन्य यात्री भी हैरान रह गए।
घटना की जानकारी मिलते ही इंडिगो एयरलाइंस के कर्मचारियों ने दोनों पक्षों से लिखित शिकायत लेकर औपचारिक कार्रवाई की। इसके बाद अधिवक्ता ने खमरिया थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। बताया जा रहा है कि करीब चार घंटे बाद पुलिस ने शिकायत दर्ज की। वहीं दूसरे पक्ष के यात्री ने भी अपनी शिकायत पुलिस को सौंपी और इसके बाद वह बांधवगढ़ के लिए रवाना हो गया। जानकारी के अनुसार, वह यात्री भी दिल्ली से जबलपुर पहुंचा था और बांधवगढ़ जाने की तैयारी में था। पुलिस का कहना है कि सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता की शिकायत पर बीएनएस की धारा 296ए, 115/2,351/2 के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
सांसद विवेक तन्खा ने जताई चिंता
इस घटनाक्रम पर राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट कर चिंता जताई। उनके पोस्ट के बाद मामला व्यापक चर्चा का विषय बन गया। लोगों का कहना है कि विमान और एयरपोर्ट जैसे संवेदनशील स्थानों पर इस तरह की घटनाएं यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े करती हैं और दोपी के खिलाफ उचित कार्रवाई की जानी चाहिए।
