भोपाल. चलती ट्रेनों में सो रही महिला यात्रियों को निशाना बनाकर पर्स झपटने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के एक सक्रिय सदस्य को जीआरपी रानी कमलापति ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 2 लाख 8 हजार रुपए का माल जब्त किया है। उस पर मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र में कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
यह मामला 14 दिसंबर 2025 का है, जब बिलासपुर-इंदौर नर्मदा एक्सप्रेस में सफर कर रही महिला यात्री सीमा गंगराड़े का पर्स अज्ञात बदमाश ने झपट लिया था। घटना उस समय हुई जब ट्रेन रानी कमलापति स्टेशन से रवाना हो चुकी थी और महिला यात्री सो रही थी। आरोपी पर्स झपटकर चलती ट्रेन से कूद गया था।
महिला के पर्स में रखा था 3.11 लाख का सामान
महिला के पर्स में नकदी, आईफोन, सोने के सिक्के, डायमंड ब्रेसलेट सहित करीब 3.11 लाख रुपए का सामान रखा हुआ था। मामले की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद जांच शुरू की गई और तकनीकी विश्लेषण व मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने पहले कुछ आरोपियों को हिरासत में लेकर करीब 3.21 लाख रुपए का माल जब्त किया। मुख्य आरोपी आदित्य मिश्रा उर्फ शिब्बू महाराज को झांसी जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाकर पूछताछ की गई। उसकी निशानदेही पर दो सोने के सिक्के बरामद किए गए, जिनकी कीमत करीब 2.08 लाख रुपए बताई गई है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी चलती ट्रेन में सो रही महिला यात्रियों को निशाना बनाता था और मौका मिलते ही उनका पर्स झपटकर ट्रेन से कूद जाता था। आरोपी के खिलाफ विभिन्न थानों में चोरी, लूट और अन्य धाराओं में एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं।
