बताया गया है कि लखनवाह निवासी पंकज निजी तौर पर जेसीबी में हेल्पर का काम करता था। आज सुबह करीब 7 बजे ग्रामीणों ने बिहरा क्रमांक-1 से रखौंधा जाने वाले रास्ते पर सड़क किनारे उसका शव पड़ा देखा। इसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत कोटर थाना पुलिस को सूचना दी। बताया गया है कि पंकज रविवार रात जेसीबी मशीन के साथ रखौंधा पहाड़ काम पर गया था। उसके पिता अच्छेलाल हरिजन भी उस समय घर पर नहीं थे वे बाबूपुर स्थित अपनी ससुराल गए हुए थे। घटनास्थल पर शव के पास घसीटने के स्पष्ट निशान पाए गए हैं। वहीं मृतक के हाथों में खेत की मिट्टी भी लगी मिली है। सूचना मिलते ही कोटर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मौत के कारणों का पता लगाने के लिए मामले की गहराई से जांच की जा रही है। मृतक के परिजन अभी मौके पर नहीं पहुंचे हैं पुलिस उनका इंतजार कर रही है।
3 घंटे शव रखकर किया चकाजाम-
इस मामले में मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने अबेर बस स्टैंड में शव रख कर चक्काजाम कर दिया है। मृतक के पिता अच्छेलाल हरिजन का आरोप है कि उनके बेटे की हत्या की गई है। उन्होंने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस के आश्वासन के बाद दोपहर 2 बजे से जारी चक्काजाम शाम 5 बजे समाप्त हुआ। उधर, बताया गया है कि मृतक पंकज लगभग 12 साल से गांव के ही लेटराइट कारोबारी रामराज सिंह की जेसीबी मशीन में हेल्पर का काम करता आ रहा था। बीती रात 8 बजे वह घर से मशीन के साथ रखौंधा पहाड़ गया हुआ था।
मौके पर नहीं मिले खून के निशान-
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क किनारे जहां पर पंकज का शव पड़ा मिला है वहां मौके पर खून का कोई निशान नहीं मिला है जबकि उसके पेट में काफी मात्रा में ब्लड लगा है। इतना ही नहीं मृतक का पैंट भी घसीटे जाने से फटा हुआ था। परिजनों को आशंका है कि पंकज की कही और हत्या कर उसका शव सड़क किनारे फेंका गया है।