जबलपुर/भोपाल। ट्विशा शर्मा की मौत मामले में सीबीआई ने उसकी सास रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। टीम गिरिबाला सिंह को मेनिट लेकर पहुंची है। यहीं मेडिकल बोर्ड को बुलाकर उनका चेकअप कराया गया। सीबीआई ने मेनिट परिसर में ही कैंप ऑफिस बनाया है। मेडिकल चेकअप के बाद गिरिबाला को सीबीआई कोर्ट में पेश किया गया।
सीबीआई के अधिकारी गुरुवार सुबह साढ़े 10 बजे गिरिबाला के घर पहुंचे थे। करीब 7 घंटे तक पूछताछ करने के बाद शाम 5 बजकर 10 मिनट पर उन्हें गिरफ्तार किया गया। इससे पहले मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने गिरिबाला की अग्रिम जमानत रद्द कर दी थी। हाईकोर्ट ने देर रात 17 पन्नों का आदेश जारी किया। इसमें कहा कि मामले की गंभीरता, सबूत और जांच की स्थिति को देखते हुए आरोपी पक्ष को राहत देना उचित नहीं था। जांच के दौरान सीबीआई ने घर में हाई इंटेंसिटी 3 डी कैमरा लगाकर पूरे परिसर की 360 डिग्री रिकॉर्डिंग की। आसपास की लोकेशन भी स्कैन की गई, ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटनास्थल किसी पड़ोसी मकान की छत या बालकनी से दिखाई देता है या नहीं। मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह की अग्रिम जमानत रद्द कर दी थी। कोर्ट के मुताबिक, निचली अदालत ने केस डायरी और साक्ष्यों का सही तरीके से परीक्षण नहीं किया। डेडबॉडी पर चोटों के कई निशान थे, जिनका आरोपी पक्ष संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।
पति समर्थ 29 मई तक सीबीआई रिमांड में-
इससे पहले मामले में आरोपी बनाए गए ट्विशा के पति समर्थ सिंह को अदालत में पेश करने के बाद सीबीआई ने अपनी हिरासत में ले लिया है। कोर्ट ने उसे 29 मई तक सीबीआई रिमांड पर भेजा है। इसके बाद एजेंसी उससे लगातार पूछताछ कर रही है।
12 मई की रात हुई थी ट्विशा की मौत-
12 मई की रात भोपाल के कटारा हिल्स में ट्विशा की संदिग्ध हालात में मौत हुई थी। ससुराल पक्ष इसे आत्महत्या बता रहा है, जबकि मायके पक्ष ने पति और ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है।