khabar abhi tak

पुरानी रंजिश में युवक की गला रेतकर हत्या, गुस्साए परिजन पहुंचे एसपी आफिस, बोले, आरोपियों के पकड़े जाने के बाद करेगें अंतिम संस्कार

 

सिवनी। सिवनी के कोतवाली क्षेत्र स्थित अकबर वार्ड में देर रात एक युवक की गला रेतकर हत्या कर दी गई। इस घटना से गुस्सए परिजनों ने आज एसपी कार्यालय पहुंचकर सख्त कार्रवाई की मांग की।

                                       बताया गया है कि अकबर वार्ड निवासी अनुराग डेहरिया उम्र 19 वर्ष की कुछ युवकों से पुरानी रंजिश चली आ रही थी, जिसके चलते बदमाश हर वक्त अनुराग से बदला लेने की फिराक में रहते थे। बीती देर रात अनुराग अपने घर जा रहा था, इस दौरान बदमाशों ने रोककर गाली गलौज शुरु कर दी। अनुराग के विरोध करने पर बदमाशों ने चाकू निकालकर अनुराग के गले पर वार किया। अत्यधिक रक्तस्राव के कारण अनुराग की मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह मामला आपसी रंजिश से जुड़ा बताया जा रहा है। अनुराग का कुछ युवकों के साथ पहले विवाद हुआ था, जिसका बदला लेने के लिए इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। वही घटना से गुस्साए परिजन आज दोपहर दो बजे के लगभग पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। उन्होंने एसपी से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कठोर कार्रवाई की मांग की। परिजनों ने कहा कि जब तक आरोपियों और उन्हें संरक्षण देने वालों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक वे शव का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी ने बताया कि हत्या में शामिल कुछ लोगों के नाम सामने आए हैं, जिन्हें चिन्हित कर लिया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दे रही है।


Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak