जबलपुर। मध्य प्रदेश हाई कोर्ट में भाजपा विधायक संजय पाठक के विरुद्ध लंबित आपराधिक अवमानना मामले की सुनवाई गुरुवार को टल गई। अब इस मामले पर 15 जुलाई को दोपहर 2:30 बजे सुनवाई होगी।गुरुवार को विधायक संजय पाठक स्वयं कोर्ट में उपस्थित हुए थे। चीफ जस्टिस संजीव सचदेवा और जस्टिस विनय सराफ की खंडपीठ के समक्ष करीब दो घंटे इंतजार के बाद समय की कमी के कारण सुनवाई नहीं हो सकी। विधायक की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता मुकुल रोहतगी ने पेशी से छूट देने का अनुरोध किया था, लेकिन कोर्ट ने स्पष्ट किया कि अगली सुनवाई पर विधायक को उपस्थित रहना होगा। मामला एक सितंबर 2025 की उस घटना से जुड़ा है, जिसमें विधायक पर एक जज को फोन करने का आरोप लगा था, जिसके बाद संबंधित जज ने स्वयं को केस से अलग कर लिया था।
