khabar abhi tak

एमपी : दर्दनाक हादसा, कुएं में डूबने से तीन बच्चियों की मौत, पसरा मातम

रायसेन। एमपी के रायसेन जिले की ग़ैरतगंज तहसील अंतर्गत पुलिस चौकी गढ़ी के ग्राम सगौर में शनिवार 23 मई की सुबह एक बेहद दर्दनाक हादसे में तीन मासूम बच्चियों की कुएं में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और मातम का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब 11 बजे ग्राम सगौर निवासी कुमारी राधा पिता हल्केराम आदिवासी उम्र लगभग 12 वर्ष, कुमारी अमृता पिता रामगोपाल आदिवासी उम्र लगभग 12 वर्ष तथा कुमारी तनु पिता हल्केराम आदिवासी उम्र लगभग 13 वर्ष गांव से करीब एक किलोमीटर दूर स्थित कुएं पर पानी भरने गई थीं। बताया जा रहा है कि पानी भरने के दौरान बच्चियां कुएं में नहाने लगीं। इसी दौरान एक बच्ची का संतुलन बिगड़ गया और उसे बचाने के प्रयास में अन्य दोनों बच्चियां भी कुएं में उतर गईं। देखते ही देखते तीनों गहरे पानी में डूब गईं।

घटना के समय साथ में मौजूद एक अन्य बच्ची अमीना घबराकर गांव पहुंची और ग्रामीणों को हादसे की जानकारी दी। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी प्रयासों के बाद तीनों बच्चियों को कुएं से बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें तत्काल सिविल अस्पताल ग़ैरतगंज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak