khabar abhi tak

जबलपुर : शराब दुकान का महिलाओं ने किया विरोध, पथराव, तोडफ़ोड़, बोतलें भी ले गये

जबलपुर. जिले के गोसलपुर में नई शराब दुकान का जमकर विरोध शुरू हो गया है. यहां शनिवार 16 मई की देर शाम गांव की महिलाएं और बच्चे अचानक एक शराब दुकान पर पहुंच गए। पहले कुछ देर तक वे दुकान के बाहर खड़े रहे, फिर बच्चों ने वहां डांस किया और इसके बाद लोगों ने दुकान पर धावा बोल दिया।

महिलाओं और बच्चों ने दुकान में रखी शराब की बोतलें उठानी शुरू कर दीं। जिसके हाथ जो बोतल लगी, वह उसे लेकर वहां से निकल गया। जाते-जाते महिलाओं ने दुकान संचालक को चेतावनी दी कि जब भी दुकान में शराब रखी जाएगी, वे इसी तरह दुकान खाली कर देंगी।

घटना के बाद शराब ठेकेदार की शिकायत पर गोसलपुर थाना पुलिस ने अज्ञात महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, भीड़ में बच्चे भी शामिल थे। दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। शराब दुकान में तोडफ़ोड़ और हंगामे की सूचना आबकारी विभाग को भी मिली थी, लेकिन टीम के मौके पर पहुंचने तक काफी देर हो चुकी थी।

दुकान में तोडफ़ोड़

दरअसल, इस वित्तीय वर्ष में शासन की ओर से ग्राम पंचायत हृदयनगर के धमधा गांव स्थित बरनू तिराहा पर नई शराब दुकान खोली गई है। शुरुआत से ही ग्रामीण इसका विरोध कर रहे थे। गांव वालों ने स्थानीय पुलिस और प्रशासन को शिकायत देकर मांग की थी कि दुकान को यहां से हटाया जाए, क्योंकि इसी रास्ते से गांव की महिलाएं और बच्चे गुजरते हैं। बच्चों का स्कूल आने-जाने का रास्ता भी यही है। उन्होंने आशंका जताई थी कि शराबियों द्वारा छेड़छाड़ जैसी घटनाएं भी हो सकती हैं। इसके बावजूद आबकारी विभाग ने दुकान बंद नहीं कराई। इससे नाराज होकर शनिवार को गांव की महिलाओं और बच्चों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में लोग शराब दुकान पहुंच गए। वहां पहले जमकर हंगामा किया गया, फिर दुकान में रखी शराब की बोतलें उठा ली गईं और तोडफ़ोड़ की गई।

महिलाओं और बच्चों ने दुकान पर किया पथराव

इस दौरान महिलाओं और बच्चों ने शराब दुकान पर जमकर पत्थरबाजी की। हाथों में लाठियां लेकर पहुंचे लोगों ने दुकान में तोडफ़ोड़ भी की। महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि दो दिन के भीतर दुकान बंद नहीं हुई, तो दोबारा इसी तरह विरोध किया जाएगा। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। शराब दुकान संचालक संतोष जायसवाल ने मामले की शिकायत गोसलपुर थाने में दर्ज कराई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपियों की पहचान की जा रही है।


Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak