जबलपुर। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर मंडल द्वारा ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीन (ATVM) के माध्यम से टिकट निकालने की प्रक्रिया को और अधिक सरल एवं सहज बनाया गया है। अब यात्री बिना किसी स्मार्ट कार्ड के, केवल मोबाइल (UPI) भुगतान के माध्यम से स्वयं अपना टिकट निकाल सकते हैं। रेलवे प्रशासन का उद्देश्य यात्रियों को डिजिटल माध्यम अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना, टिकट काउंटरों पर भीड़ कम करना तथा समय की बचत सुनिश्चित करना है। ATVM मशीनों के माध्यम से अनारक्षित टिकट अब कुछ ही मिनटों में आसानी से प्राप्त किए जा सकते हैं।
ATVM से टिकट निकालने की सरल प्रक्रिया
1. ATVM स्क्रीन पर उपलब्ध “अन्य स्टेशन” विकल्प पर क्लिक करें।
2. कीबोर्ड के माध्यम से स्टेशन का नाम टाइप करें एवं स्टेशन का चयन करें।
3. यात्रा का विवरण भरें एवं भुगतान विकल्प पर क्लिक करें।
4. स्क्रीन पर प्रदर्शित QR कोड को स्कैन कर UPI के माध्यम से भुगतान करें।
5. भुगतान पूर्ण होते ही मशीन से टिकट प्राप्त करें।
