जबलपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत रज्जू गुरु अखाड़ा क्षेत्र में चोरी की एक अजीबोगरीब वारदात सामने आई है। यहाँ दो युवकों ने सफाई कर्मचारी का झांसा देकर एक प्रतिष्ठित डॉक्टर के घर में प्रवेश किया और रसोई से गैस सिलेंडर चोरी कर रफूचक्कर हो गए। यह पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। रज्जू गुरु अखाड़े के समीप रहने वाले डॉ. मृदुल यादव के घर पर दो अज्ञात युवक पहुंचे। उन्होंने खुद को नगर निगम का सफाई कर्मचारी बताया। युवकों ने डॉक्टर से कहा कि वे घर की सफाई करने आए हैं। उन्होंने यह भी तर्क दिया कि एक दिन पहले ही दो कर्मचारियों को काम में लापरवाही के चलते निलंबित किया गया है, इसलिए वे अपनी नौकरी बचाने के लिए बेहतर सफाई करना चाहते हैं। डॉ. यादव ने उनकी बातों पर भरोसा करते हुए उन्हें अंदर आने की अनुमति दे दी। जैसे ही डॉक्टर का ध्यान भटका, दोनों युवक रसोई में रखे गैस सिलेंडर को उठाकर बाहर ले आए और अपनी स्कूटी पर लादकर वहां से भाग निकले।
क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाएं
सिलेंडर गायब होने पर जब डॉक्टर ने घर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो उसमें दोनों आरोपी सिलेंडर ले जाते हुए साफ दिखाई दिए। इस संबंध में पीड़ित ने कोतवाली थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि इस इलाके में पिछले कुछ समय से चोरियों का सिलसिला थमा नहीं है। हाल ही में अखाड़ा क्षेत्र के एक मंदिर से हनुमान जी का मुकुट और दान पेटी से नकदी चोरी होने का मामला भी सामने आया था। बार-बार हो रही इन घटनाओं से लोगों में असुरक्षा का भाव है। नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाई जाए और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द से जल्द इन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया जाए।
