सुहागी में मैदान के पास जमा बदमाशों ने किया खूनी संघर्ष, मासूम सहित दो लोग लहूलुहान
जबलपुर। अधारताल थाना क्षेत्र के सुहागी संभागीय कार्यालय के अंतर्गत आने वाले मैदान में क्रिकेट खेल रहे मासूम बच्चों पर पास के असामाजिक तत्वों ने जानलेवा हमला कर दिया। जवाहर लाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय और हनुमान मंदिर के ठीक बाजू में अवैध रूप से संचालित चाय मंत्रालय नाम की दुकान के संचालकों और वहां मौजूद गुंडों ने खेल रहे बच्चों को निशाना बनाया। इस दौरान आरोपियों ने मैदान पर मौजूद 9 वर्ष के छोटे क्रिकेट खिलाड़ी ओम विश्वकर्मा पर सीधे कांच का गिलास दे मारा। मासूम बच्चे को पिटता देख जब स्थानीय निवासी जित्तू साहू फौरन बीच-बचाव करने पहुंचे, तो बदमाशों ने उन पर भी धारदार चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। इस अचानक हुए हमले में बालक ओम और जित्तू साहू दोनों के शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं, जिससे मैदान पर चीख-पुकार मच गई। दोनों घायलों को नाजुक हालत में इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बच्चे रोजाना की तरह हनुमान मंदिर के पास मैदान में क्रिकेट खेल रहे थे। इसी बीच खेल के दौरान बच्चों की गेंद पास में ही अवैध अतिक्रमण कर बनाई गई चाय की दुकान की तरफ चली गई। इसी सामान्य सी बात पर दुकान पर मौजूद असामाजिक तत्व भड़क गए और उन्होंने बच्चों को घेरकर उन पर पत्थरों और कांच के बर्तनों से हमला बोल दिया। बच्चों पर हुए इस सीधे हमले को देखकर आसपास के लोग सहम गए। जब जित्तू साहू ने बच्चों को सुरक्षित निकालने का प्रयास किया, तो आरोपियों ने उन पर जानलेवा चाकूबाजी कर दी। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि इस अवैध दुकान पर चौबीस घंटे अपराधियों का डेरा रहता है, जिससे राहगीरों और बच्चों का निकलना दूभर हो गया है। सूचना मिलते ही अधारताल थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए टीमें रवाना कर दी हैं।
