जबलपुर। गोहलपुर थानातंर्गत नर्मदा नगर क्षेत्र में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है जहां ई-रिक्शा चार्जिंग पॉइंट संचालक पर चार बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। यह मामला गोहलपुर थाना अंतर्गत आने वाले नर्मदा नगर इलाके का है। घायल युवक का नाम रूपांशु प्रसाद कुशवाहा है और उसकी उम्र 36 वर्ष है। रूपांशु नर्मदा नगर दस्सी पड़ा की गली का रहने वाला है। वह संस्कार परिसर में एक्स क्लब जिम के पास अपना ई-रिक्शा चार्जिंग पॉइंट चलाता है। चारों आरोपियों की पहचान विक्की पंडित, आकाश कोष्टा, सोम कोष्टा और एक अज्ञात व्यक्ति के रूप में हुई है। हमले की इस घटना के बाद से ही पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोग खौफजदा हैं। पुलिस इस मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की तलाश में पूरी तरह जुट गई है।
सन्देह में चार बदमाशों ने की मारपीट
घटना की शुरुआत रात करीब 10:30 बजे हुई। जब रूपांशु अपनी दुकान पर शांति से बैठा था, तभी चारों बदमाश अचानक दुकान के भीतर घुस आए। उनके हाथों में तेज धार वाले चाकू और डंडे मौजूद थे। दुकान में घुसते ही उन्होंने बिना किसी पूर्व सूचना के रूपांशु को अभद्र गालियां देना शुरू कर दिया। बदमाशों ने आरोप लगाया कि उसने पुलिस को उनके खिलाफ ई-रिक्शा की बैटरी चोरी करने की खबर दी है। जब रूपांशु ने इस बे-बुनियाद बात का प्रबल विरोध किया और उसे गाली देने से मना किया, तो बदमाशों ने आपा खो दिया और हमला कर दिया। उन्होंने उसे जान से खत्म करने की बात भी कही।
चीख-पुकार सुन आये लोग,तब बची जान
हमले के दौरान विक्की और आकाश ने चाकू से एक के बाद एक कई वार किए, जिससे रूपांशु के सिर, बाईं आंख की पलक, कान और दोनों पैरों में गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान हो गया। वहीं दूसरी तरफ सोम और उसके साथी ने डंडे से उसकी अंधाधुंध पिटाई शुरू कर दी। आरोपियों को शक था कि रूपांशु ने ही उनके द्वारा किए गए बैटरी चोरी के मामले की जानकारी पुलिस को दी है। इस रार के चलते उन्होंने इस भयानक घटना को अंजाम दिया। अपनी जान बचाने के लिए रूपांशु चिल्लाते हुए सड़क की तरफ भागा और अपनी जान की भीख मांगने लगा। उसकी चीख-पुकार सुनकर सड़क से गुजर रहे राहगीरों ने बीच-बचाव किया, जिसके बाद सभी चारों बदमाश मौके से फरार हो गए। घायल रूपांशु को तुरंत मेडिकल कॉलेज अस्पताल में ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक उसकी हालत अभी स्थिर है पर उसे कई जगह गंभीर चोटें आई हैं। अस्पताल से सूचना मिलने के बाद गोहलपुर थाना की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घायल के बयान दर्ज किए। पुलिस ने बयान के आधार पर कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ाई है। गोहलपुर पुलिस ने आरोपियों विक्की पंडित, आकाश कोष्टा, सोम कोष्टा और एक अज्ञात युवक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 331(7), 109(1) और 3(5) के तहत मामला पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस की विभिन्न टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह दबिश दे रही हैं और उनकी सरगर्मी से तलाश की जा रही है। इलाके के लोगों से भी इस मामले में पूछताछ की जा रही है।
