जबलपुर/बिलासपुर. दक्षिण-पूर्व-मध्य रेलवे बिलासपुर जोन की 18 ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं। इनमें रायपुर मंडल की 8 पैसेंजर ट्रेनें और नागपुर मंडल की 10 ट्रेनें शामिल है। ये ट्रेनें 3 मई से 22 मई के बीच अलग-अलग तारीखों में नहीं चलेंगी। वहीं, 2 गाडिय़ों के रूट बदले गए हैं, जबकि 20 ट्रेनों को शॉर्ट टर्मिनेट किया गया है। गाडिय़ों के रद्द होने से जबलपुर होकर चलने वाली कुछ ट्रेनें भी प्रभावित हुई हैं. जिनमें रीवा-इतवारी-रीवा एक्सप्रेस, व जबलपुर-गोंदिया-जबलपुर पैसेंजर शामिल है.
गोंदिया के प्लेटफॉर्म नंबर-4 पर होगा काम
रेलवे के मुताबिक, नागपुर मंडल के गोंदिया स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 4 पर मेंटनेंस का काम किया जाना है। इस काम के चलते गोंदिया के प्लेटफॉर्म नंबर-4 (डाउन मेन लाइन) करीब 20 दिनों तक बंद रहेगी। इसी वजह से 10 एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों को रद्द किया गया है। वहीं रायपुर मंडल के निपनिया-भाटापारा सेक्शन में भी रोड अंडरब्रिज का निर्माण किया जा रहा है। इसके लिए वहां ब्लॉक लिया जा रहा है। इससे 8 पैसेंजर ट्रेनें कैंसिल की गई है।
रीवा-इतवारी-रीवा बदले हुए रूट से चलेगी
11754 रीवा-इतवारी एक्सप्रेस 2, 4, 6, 9, 11, 13, 16 और 18 मई 2026 को अपने पुराने रास्ते (जबलपुर-नैनपुर-बालाघाट-गोंदिया-इतवारी) से नहीं चलेगी। यह ट्रेन अब नए रास्ते (जबलपुर-नैनपुर-छिंदवाड़ा-इतवारी) से चलेगी।
11753 इतवारी-रीवा एक्सप्रेस 3, 5, 7, 10, 12, 14, 17 और 19 मई 2026 को भी अपने पुराने मार्ग से नहीं चलेगी। यह ट्रेन अब नए रास्ते (इतवारी-छिंदवाड़ा-नैनपुर-जबलपुर) से चलाई जाएगी।
गाड़ी संख्या 51707-08 जबलपुर-गोंदिया-जबलपुर पैसेंजर गोंदिया नहीं जायेगी, ये गाड़ी ब्रम्हपुरी स्टेशन तक ही चलेगी और वहीं से 3 मई से 22 मई तक वापस लौटेगी.
