जबलपुर। गुप्तेश्वर की मदिरा दुकान के बाजू में चल रहे अवैध रूप से आहता का विरोध किए जाने पर आबकारी एसआई सोनाली गुप्ता के साथ मदिरा ठेकेदार मौसमी शिवहरे के प्रतिनिधि उमेश शुक्ला ने न केवल अभद्रता की बल्कि शासकीय कार्य में बाधा डालते हुए मनगड़ंत आरोप लगाते हुए अपमानित किया। एसआई की शिकायत पर आरोपी व्यक्ति के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया गया है।
गोरखपुर पुलिस ने बताया कि आबकारी उप निरीक्षक सोनाली गुप्ता ने लिखित शिकायत की कि वह वृत क्रमांक 3 जिला जबलपुर में आबकारी उप निरीक्षक के पद पर पदस्थ है। वृत क्रमांक 3 के 2 अन्य आरक्षक हनुमान प्रसाद बर्मन व अशोक सिंह के साथ गुप्तेश्वर का निरीक्षण करने के लिए 11 मई शाम 6 बजे मदिरा दुकान गये थे। मदिरा दुकान परिसर में अवैध अहाता का संचालन किया जा रहा था। उसके द्वारा शटर गिराकर ताला बंद कर दिया गया। तभी लायसेंसी मौसमी शिवहरे के प्रतिनिधी उमेश शुक्ला उपस्थित हुआ और उससे अभद्रता पूर्वक व्यवहार कर लोगों से पैसे लेकर शराब बिकवाने का झूठा व मनगढ़ंत आरोप लगाया। आबकारी मंत्री से शिकायत करने की धमकी देते हुये मदिरा दुकान परिसर में भीड़ के सामने उसे अपमानित किया। शासकीय कार्य मंे बाधा उत्पन्न की गई। लिखित शिकायत पर आरोपी उमेश शुक्ला, सेठीनगर के विरूद्ध धारा 132 बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।