नरसिंहपुर। नरसिंहपुर के बरमान स्थित नर्मदा नदी के तट पर आज चीख पुकार व हड़म्प मच गया। जब नदी में नहाते समय गहरे पानी में चले जाने से दो युवक डूब गए। इनमें से एक युवक को बचा लिया गया, जबकि दूसरे की मौत हो गई।
बताया गया है कि दोनों युवक छिंदवाड़ा से अपने दोस्तों के साथ बरमान घाट घूमने आए थे। नहाते समय वे अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय गोताखोरों और बचाव दल ने तुरंत अभियान शुरू किया। बचाव कार्य के बाद एक युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। करेली थाना प्रभारी रत्नाकर हिग्वे ने इस घटना की पुष्टि की है। दूसरे युवक की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि घाट पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम, चेतावनी संकेत और लाइफगार्ड की तैनाती नहीं होने के कारण ऐसी घटनाएं बार-बार हो रही हैं। इससे प्रशासन की तैयारियों और निगरानी व्यवस्था पर चिंता बढ़ गई है।