जबलपुर। आगामी विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर मंडल द्वारा 15 मई से 05 जून 2026 तक विश्व पर्यावरण दिवस अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु जबलपुर मंडल में नोडल ऑफिस EnHM Cell, यांत्रिक विभाग के माध्यम से प्रतिदिन आयोजित की जाने वाली विभिन्न गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है।
इसी क्रम में जबलपुर मंडल के विभिन्न विभागों द्वारा जबलपुर, कटनी, नई कटनी, सतना, रीवा, दमोह एवं पिपरिया स्टेशनों पर शपथ ग्रहण समारोह एवं पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जलवायु परिवर्तन के प्रति जागरूक करते हुए पर्यावरण संरक्षण हेतु आवश्यक एवं पर्यावरण-अनुकूल उपाय अपनाने की सलाह दी गई। कर्मचारियों को दैनिक जीवन में प्लास्टिक के उपयोग को कम करने, अधिकाधिक वृक्षारोपण करने, ऊर्जा एवं जल संरक्षण को अपनाने तथा स्वच्छ एवं हरित वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। इसके साथ ही सभी को कचरे को निर्धारित स्थान अथवा डस्टबिन में ही डालने हेतु समझाइश दी गई तथा स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दिया गया।उल्लेखनीय है कि इस वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस की थीम Climate Change – Focusing on the Challenges Posed by Mother Earth निर्धारित की गई है, जिसके माध्यम से पृथ्वी के समक्ष उपस्थित पर्यावरणीय चुनौतियों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।

