khabar abhi tak

रीवा-इतवारी-रीवा त्रिसाप्ताहिक एक्सप्रेस का स्लीमनाबाद पर नियमित ठहराव शुरू, स्टेशन पर हुआ समारोह

जबलपुर। यात्रियों की सुविधा, क्षेत्रीय विकास एवं जनसुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए गाड़ी संख्या 11754/11753 रीवा–नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी–रीवा त्रिसाप्ताहिक एक्सप्रेस का स्लीमनाबाद रेलवे स्टेशन पर नियमित ठहराव प्रारंभ किया गया। इस अवसर पर शनिवार, 16 मई को स्लीमनाबाद स्टेशन पर शुभारंभ समारोह आयोजित किया गया, जिसमें क्षेत्रवासियों में विशेष उत्साह एवं उल्लास का वातावरण देखने को मिला। बड़ी संख्या में उपस्थित जनसमूह को देखकर यह स्पष्ट प्रतीत हुआ कि क्षेत्र की जनता लंबे समय से इस ट्रेन के ठहराव की मांग कर रही थी तथा इस सुविधा की उन्हें अत्यधिक आवश्यकता थी।

कार्यक्रम में माननीय सांसद खजुराहो श्री विष्णु दत्त शर्मा एवं माननीय सांसद दमोह श्री राहुल सिंह लोधी ऑनलाइन माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुए तथा जनता को संबोधित किया। साथ ही बहोरीबंद विधायक श्री प्रणय प्रभात पांडे मुख्य रूप से उपस्थित रहे। रेलवे प्रशासन की ओर से सहायक वाणिज्य प्रबंधक श्री धर्मेंद्र कुमार सिंह सहित रेलवे अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

इस अवसर पर विधायक श्री प्रणय प्रभात पांडे ने रेल प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस रेल सुविधा से स्लीमनाबाद एवं आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को आवागमन में अत्यधिक सुविधा प्राप्त होगी तथा शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, व्यापार एवं रोजगार के क्षेत्र में सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने कहा कि बेहतर रेल संपर्क के माध्यम से स्थानीय लोगों को बड़े शहरों में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं तक पहुंचने में भी आसानी होगी।

हरी झंडी दिखाकर किया शुभारंभ

कार्यक्रम के दौरान विधायक श्री प्रणय प्रभात पांडे ने स्लीमनाबाद स्टेशन पर हरी झंडी दिखाकर ट्रेन के ठहराव का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उपस्थित नागरिकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए रेलवे प्रशासन के प्रति आभार जताया।

टिकट लेकर यात्रा करने का दिया संदेश

कार्यक्रम के दौरान विधायक श्री प्रणय प्रभात पांडे ने स्वयं इतवारी के लिए दो टिकट क्रय कर यात्रियों को यह संदेश दिया कि रेलवे में सदैव वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें। उन्होंने कहा कि यात्रियों द्वारा नियमित टिकट लेकर यात्रा करने से रेलवे की आय में वृद्धि होती है, जिससे स्टेशन एवं यात्री सुविधाओं का और अधिक विकास संभव हो पाता है।

रेल कर्मचारियों का किया सम्मान

विधायक श्री प्रणय प्रभात पांडे ने ट्रेन के ठहराव की स्वीकृति प्रदान करने हेतु रेल प्रशासन के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया। साथ ही गाड़ी के संचालन से जुड़े लोको पायलट, गार्ड एवं टिकटिंग स्टाफ सहित कार्यरत रेल कर्मचारियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।

यात्रियों को मिलेगी बेहतर सुविधा

रेल प्रशासन द्वारा यह ठहराव 16 मई 2026 से दोनों दिशाओं में 01 मिनट के लिए आगामी पांच माह तक प्रदान किया गया है। सहायक वाणिज्य प्रबंधक श्री धर्मेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि इस अतिरिक्त ठहराव से क्षेत्रीय यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा स्थानीय स्तर पर सामाजिक, आर्थिक एवं स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों को बढ़ावा प्राप्त होगा।

जनसहभागिता से सफल आयोजन

स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं रेलवे प्रशासन के समन्वय से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। बड़ी संख्या में नागरिकों की उपस्थिति ने यह सिद्ध किया कि स्लीमनाबाद स्टेशन पर इस ट्रेन के ठहराव की लंबे समय से आवश्यकता महसूस की जा रही थी। यह ठहराव क्षेत्रीय संपर्क, विकास एवं जनसुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा।


Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak