khabar abhi tak

तेज रफ्तार बस ने दो युवकों को कुचला, मौके पर ही मौत, शादी समारोह से लौटते समय हादसा

कटनी. एमपी के कटनी जिले के बरही इलाके में सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई। बरही-उमरिया रोड पर ग्राम करौंदी के पास एक तेज रफ्तार यात्री बस ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान बिच्छूपूरा निवासी सुखलाल कोल (27 वर्ष) और उमरिया के ग्राम कुड़ी निवासी रामकिशन कोल (18 वर्ष) के रूप में हुई है।

जानकारी के मुताबिक, दोनों युवक ग्राम करेला में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। वहां से वापस लौटते समय करौंदी गांव के पास बरही से उमरिया की ओर जा रही बस ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भयानक थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए।

गुस्साए लोगों की भीड़ और पुलिस की कार्रवाई

हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही बरही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बस को जब्त कर लिया है और उसे खितौली चौकी में खड़ा कराया गया है।

बस ड्राइवर गिरफ्तार

बरही थाना प्रभारी अरविंद चौबे ने बताया कि दुर्घटना के बाद भागने की कोशिश कर रहे बस ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है ताकि हादसे के सही कारणों का पता लगाया जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak