khabar abhi tak

भगवान से परेशान युवक ने हनुमान जी की मूर्ति ही कुएं में फेंक दी, वजह सुनकर पुलिस भी हैरान

शिवपुरी. मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के एक गांव के मंदिर से हनुमान जी की प्रतिमा चोरी कर कुएं में फेंकने वाले को पुलिस ने पकड़ लिया है. पूछताछ में उसने हैरान करने वाली बात बताई है. उसने बताया कि गांव वाले उसे बार-बार ले जाकर हनुमान जी कसम खाने की मजबूर करते थे. इसी के चलते उसने हनुमान जी की प्रतिमा चोरी को उठाकर कुएं में फेंक दिया था. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है.

जानकारी के अनुसार, शिवपुरी जिले के तेंदुआ थाना क्षेत्र के कूड़ाराई गांव में शनिवार-रविवार की दरम्यानी रात किसी अज्ञात व्यक्ति ने हनुमान जी की प्रतिमा को कुएं में फेंक दिया था. घटना से पूरे गांव में हड़कंप मच गया था. हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने भी पूरे घटनाक्रम पर विरोध दर्ज कराया था. रविवार को पुलिस की मौजूदगी में ग्रामीणों ने उक्त प्रतिमा को कुएं से बरामद कर लिया.

इस बात से परेशान था हरवंश

पुलिस ने जब प्रतिमा फेंकने वाले युवक को चिन्हित करने के लिए अपने मुखबिरों को सक्रिय किया तो जो सूचनाएं मिलीं उसके आधार पर पुलिस ने संदिग्धों से पूछताछ शुरू की. इस दौरान जब गांव के ही हरवंश यादव (27) से पूछताछ को तो उसने अपना जुर्म कबूल लिया. पूछताछ में हरवंश ने पुलिस को बताया कि गांव में जब भी कोई विवाद हो जाता या कुछ हो जाता तो हर बार सब लोग उसे हनुमान जी के मंदिर पर ले जाकर कसम खाने के लिए मजबूर करते थे.

क्यों फेंकी युवक ने कुएं में प्रतिमा?

इसी क्रम में पिछले शनिवार को भी एक झगड़े के बाद उससे कसम खिलवाई गई. इसी कारण उसने सोचा कि हनुमान जी को ही कुएं में फेंक देता हूं तो न हनुमान जी रहेंगे और न बार-बार कसमें खानी पड़ेंगी. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया है. चौंकाने वाली बात यह भी सामने आई है कि आरोपी के परिवार ने मंदिर निर्माण में करीब 60 हजार रुपए का सहयोग भी दिया था. बावजूद इसके उसने इस तरह की हरकत को अंजाम दिया.

21 मई को मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा, भंडारे का था आयोजन

बता दें कि 21 मई को गांव में हनुमान मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा और भंडारे का आयोजन प्रस्तावित था. घटना के बाद गांव वालों और हिंदू संगठनों में भारी आक्रोश फैल गया था. पुलिस ने पहले ही कुएं से प्रतिमा बरामद कर ली थी और अब आरोपी की गिरफ्तारी के साथ मामले का खुलासा कर दिया है. पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है.

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak