जबलपुर। जबलपुर से दवाइयां लेकर मंडला के लिए निकला ट्रक देर रात ग्राम उदयपुर बीजाडांडी में ट्राला से टकरा गया। इस दुर्घटना में सड़क पर दवाएं बिखर गईं, वहीं ट्रॉला अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे उतर गया।
बताया गया है कि जबलपुर से दवाइयां और मेडिकल उपकरण लेकर ट्रक मंडला जाने निकला। ट्रक जब ग्राम उदयपुर बीजाडांडी जियो पेट्रोल पम्प के सामने से गुजर रहा था। इस दौरान सामने से आ रहे ट्राला से भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में दोनों वाहनों का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, टक्कर इतनी भीषण थी कि दवाइयों और मेडिकल उपकरणों से भरे ट्रक का सारा सामान सड़क पर बिखर गया। वहीं, ट्रॉला सड़क छोड़कर पुलिया से नीचे उतर गया और लगभग 5 से 6 पेड़ों को तोड़ते हुए जंगल में जा घुसा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी स्टाफ के साथ तत्काल मौके पर पहुंच गए। जिन्होने स्थानीय लोगों की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया गया और यातायात व्यवस्था को बहाल किया गया, जिससे आवागमन सुचारू रूप से शुरू हो सका। हादसे में ट्रॉला चालक को चोटें आने की जानकारी मिली है। हालांकि, वह उसी कंपनी के पीछे आ रहे एक अन्य ट्रक से तुरंत जबलपुर की ओर रवाना हो गया।