khabar abhi tak

गायब बेटे के लिए मां-बाप का रो रो कर बुरा हाल पर नहीं पसीज रहा पुलिस का दिल




पुलिस के निराशा जनक रवैये से टूटा भरोसा, अब बड़े अधिकारियों की शरण में जाएगा पीड़ित परिवार, कोतवाली क्षेत्र से नौजवान लापता, पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

जबलपुर।  कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत दीक्षितपुरा में भण्डारी बाबा मंदिर के पास रहने वाले सतीश विश्वकर्मा का 24 वर्षीय बेटा यश विश्वकर्मा उर्फ छोटू 19 जून की दोपहर करीब 3 बजे से रहस्यमय ढंग से लापता है। घटना के समय वह घर में टीवी देख रहा था और परिजन सो रहे थे, तभी वह बिना बताए कहीं चला गया। उसकी मां सविता विश्वकर्मा उम्र 48 वर्ष ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। गायब युवक का कद 5 फीट 7 इंच, रंग गोरा, चेहरा लंबा, बाल घने काले और शरीर दुबला है, जिसके होठ पर तिल है। वह क्रीम कलर की टी शर्ट, ब्लैक कलर का लोअर और ब्लू कलर की वाकर चप्पल पहने हुए है। उसका मोबाइल नंबर 8357848113 भी लगातार बंद आ रहा है, जिससे अनहोनी की आशंका गहरा गई है।

​बदहवास परिजन थाने के चक्कर काट रहे

​लापता यश के माता-पिता और अन्य परिजन अपने स्तर पर रिश्तेदारों और आस-पड़ोस में हर संभावित जगह खाक छान चुके हैं, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। थक-हारकर जब पीड़ित परिवार कोतवाली थाने पहुंचा, तो पुलिस ने गुम इंसान क्रमांक 21/2026 दर्ज कर औपचारिकता तो पूरी कर दी, लेकिन धरातल पर तलाश शुरू नहीं की। बदहवास मां-बाप रोज थाने की चौखट पर अपनी फरियाद लेकर पहुंच रहे हैं और आंसू बहा रहे हैं, परंतु खाकी का दिल पसीजने का नाम नहीं ले रहा है। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यप्रणाली इतनी सुस्त है कि वे इस संवेदनशील मामले को लेकर जरा भी गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं।

​जैसे-जैसे समय बीत रहा है बढ़ रही चिंता

​दिन बीतने के साथ ही पीड़ित परिवार की कुशंकाएं और डर लगातार बढ़ता जा रहा है। नौजवान बेटे के इस तरह अचानक गायब होने से पूरा परिवार सदमे में है, लेकिन स्थानीय पुलिस की सुस्ती के कारण अब उनका भरोसा डगमगाने लगा है। पुलिस की इस लापरवाही और ठंडे रवैये से परेशान होकर अब परिजनों ने मन बना लिया है कि वे जल्द ही मामले की शिकायत लेकर पुलिस के उच्च अधिकारियों की चौखट पर गुहार लगाएंगे।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak