khabar abhi tak

दो दिन और... अब 1 जून से हो रहे कई बदलाव


जबलपुर।
जून का महीना शुरू होने जा रहा है। नया महीना अपने साथ कई बदलाव लेकर आ रहा है जिनका संबंध सीधे आपकी जेब से है। एयर इंडिया और इंडिगो ने अपनी फ्लाइट्स की संख्या में कटौती की योजना बनाई है। इसी तरह हुंडई की कारें महंगी होने जा रही है। साथ ही पैन, आधार, पीएफ से जुड़े नियम भी बदलने जा रहे हैं। पिछले कुछ महीनों से कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में काफी तेजी आई है जबकि घरों में यूज होने वाले सिलेंडर की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है। सरकार का कहना है कि तेल कंपनियों को हर सिलेंडर पर 700 रुपये का नुकसान हो रहा है।

UPI पेमेंट का नियम

1 जून से यूपीआई ट्रांजैक्शन से जुड़े नियम में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। अगर आप जिस किसी को भी पैसे यूपीआई से ट्रांसफर करेंगे, उसका असली बैंक रजिस्टर्ड नाम आपको स्क्रीन पर दिखाई देगा। माना जा रहा है कि नेशनल पेमेंट कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) ने यूपीआई से होने वाले फ्रॉड को खत्म करने के लिए यह कदम उठाया है। इसमें क्यूआर कोड़ स्कैन करते ही या मोबाइल नंबर डालते ही आपको सही व्यक्ति के बारे में पता चल जाएगा।

ATM से कैश विड्रॉल का नियम

पहली जून से कई बैंक अपने एटीएम ट्रांजेक्शन में बदलाव कर सकते हैं। दूसरे बैंक के एटीएम से मुफ्त लेन-देन की सीमा कम हो सकती है। इससे एटीएम से कैश निकालने से लेकर, खाते का बैंलेंस चेक करना और मिनी स्टेटमेंट निकालना महंगा हो सकता है। इसका उन लोगों पर ज्यादा असर हो सकता है जो बार-बार नकदी निकालते हैं।

LPG सिलेंडर की कीमत

ईरान युद्ध के कारण कच्चे तेल की कीमत में काफी तेजी आई है। इस कारण ऑयल मार्केटिंग कंपनियों को काफी घाटा हो रहा है। हाल में पेट्रोल और डीजल की कीमत में कई बार इजाफा किया गया है। ये कंपनियां हर महीने की पहली तारीख को एलपीजी की कीमतों की समीक्षा करती हैं। 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में हाल के महीनों में काफी बढ़ोतरी की गई है। हालांकि घरेलू सिलेंडर को अब तक इससे मुक्त रखा गया है।

PF का नया नियम

प्राइवेट सेक्टर में काम करने वालों के लिए गुड न्यूज है। माना जा रहा है कि इस महीने में पीएफ के पैसे यूपीआई के जरिए निकलने की सुविधा शुरू हो सकती है। इसे लेकर ईपीएफओ की तरफ से तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं और इसकी टेस्टिंग भी कई महीनों के बाद पूरी हो चुकी है। । इस सुविधा के शुरू होने के बाद, आप Google Pay, PhonePe या Paytm जैसे ऐप्स के माध्यम से अपना पीएफ का पैसा सीधे अपने बैंक खाते में तुरंत ट्रांसफर कर सकेंगे।

हवाई यात्रा होगी महंगी

ईरान युद्ध के कारण कच्चे तेल की कीमत में काफी तेजी आई है। इस कारण विमान ईंधन यानी एटीएफ भी काफी महंगा हो गया है। इसका असर एयरलाइन कंपनियों पर पड़ रहा है। एयर इंडिया और इंडिगो 1 जून से घरेलू उड़ानों की संख्या में कटौती करने की तैयारी में है। यह कटौती 90 दिन तक रह सकती है। इससे आने वाले दिनों में हवाई यात्रा और महंगी हो सकती है।

पैन के नियमों में बदलाव

आयकर विभाग भी पैन कार्ड से जुड़े नियमों में बदलाव करने जा रहा है। इसके तहत बड़े ट्रांजैक्शंस पर निगरानी बढ़ाई जाएगी। नए इनकम टैक्स नियम के तहत अब 50,000 रुपये से ज्यादा नकदी जमा करने पर पैन देना होता था लेकिन अब यह शर्त हटा दी गई है। इसी तरह प्रॉपर्टी खरीद में भी पैन की सीमा 10 लाख रुपये से बढ़ाकर 20 लाख रुपये कर दी गई है।

ऑनलाइन आधार अपडेट

ऑनलाइन आधार अपडेट की मुफ्त सुविधा भी जून में खत्म हो जाएगी। इसकी डेडलाइन 14 जून है। उसके बाद आधार में नाम, पता या दूसरी जानकारी अपडेट करने के लिए फीस देनी होगी। नए नियम के मुताबिक ऑनलाइन अपडेट पर 25 रुपये और आधार केंद्र में जाकर अपडेट कराने में 50 रुपये तक फीस लग सकती है।




Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak