khabar abhi tak

अलायंस एयर ने 72 कन्फर्म टिकट दी, भेज दिया 48 सीटर विमान, 15 पैसेंजर को बैठने से रोका , एयरपोर्ट पर हंगामा

रीवा। मध्य प्रदेश के रीवा एयरपोर्ट पर बीती रात अलायंस एयर प्रबंधन ने 15 यात्रियों को फ्लाइट में बैठाने से इनकार कर दिया। सभी यात्रियों के पास दिल्ली के लिए कन्फर्म टिकट था। इसके बावजूद उन्हें आखिरी समय में सवार होने से रोक दिया गया।

                                बताया गया है कि अलायंस एयर ने 72 सीटों की बुकिंग लेने के बावजूद केवल 48 सीटों वाला छोटा विमान भेज दिया। रात के समय अचानक सामने आई इस स्थिति से यात्री भड़क गए। एयरपोर्ट परिसर में जमकर हंगामा किया। नाराज यात्रियों ने एयरलाइन स्टाफ से जवाब मांगा, लेकिन उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला। आखिरकार, बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के यात्रियों को वापस लौटना पड़ा। अमरपाटन निवासी शिवानी जैन ने बताया, मुझे जरूरी इंटरव्यू के लिए दिल्ली जाना था। मेरी फ्लाइट रात 9 बजे थी, लेकिन मैं करीब 7 बजे ही एयरपोर्ट पहुंच गई थी, ताकि किसी तरह की दिक्कत न हो। मेरे पास कन्फर्म टिकट था, फिर भी मुझे बोर्डिंग से रोक दिया गया। कन्फर्म टिकट के बावजूद यात्रा से रोके जाने पर शिवानी जैन और उनके परिजन का गुस्सा भड़क उठा। एयरपोर्ट परिसर में ही उन्होंने एयरलाइन और प्रबंधन के खिलाफ विरोध जताया। मौके पर मौजूद अन्य यात्रियों ने भी इस अव्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई।

यात्रियों को पहले से सूचना नहीं दी गई-

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यात्रियों ने अधिकारियों से जवाब मांगा कि जब टिकट कन्फर्म था, तो आखिरकार उन्हें क्यों रोका गया। विमान बदलने की कोई पूर्व सूचना नहीं दी गई थी। अगर समय रहते जानकारी मिल जाती, तो वे वैकल्पिक व्यवस्था कर सकते थे।

अधिकारियों ने मानी चूक, 15 यात्रियों को लौटाना पड़ा-

हंगामे के बीच एयरपोर्ट और एयरलाइन से जुड़े अधिकारियों ने यह स्वीकार किया कि बड़े विमान की जगह छोटा विमान आने के कारण सीटों की कमी हो गई। इसी वजह से करीब 15 यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।


Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak