khabar abhi tak

राजधानी एक्सप्रेस में लगी आग : दुर्घटनास्थल जा रही राहत वैन खाई में पलटी, 5 रेल कर्मचारी गंभीर घायल (देखें वीडियो)

रतलाम. त्रिवेंद्रम से हजरत निजामुद्दीन (दिल्ली) जा रही राजधानी एक्सप्रेस में रविवार सुबह करीब 5:15 बजे आग लग गई। हादसा रतलाम जिले के आलोट के पास लूणी रीछा-विक्रमगढ़ स्टेशन के बीच हुआ। वहीं राहत कार्य के लिए जा रही रेलवे की सीएंडडबलू (कैरेज एंड वैगन) विभाग की यातायात वैन हादसे का शिकार हो गई। वैन शामगढ़-सुवासरा के बीच अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई।

इस हादसे में 5 से अधिक कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हैं। सूचना मिलते ही मौके पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को एंबुलेंस से कोटा रेफर किया गया है। फिलहाल, दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

उल्लेखनीय है कि राजधानी एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 12431) तड़के 3.45 बजे रतलाम जंक्शन से रवाना हुई। इसका अगला स्टॉप सुबह 8.45 बजे कोटा जंक्शन था, लेकिन राजस्थान में एंट्री से पहले लूणी रीछा-विक्रमगढ़ स्टेशन के पास एसी कोच (बी-1) में आग लग गई। कोच में 68 यात्री सवार थे। करीब 15 मिनट में पूरा कोच खाली करा लिया गया। कुछ ही देर में आग ने बी-1 के पीछे लगे सेकंड लगेज कम गार्ड वैन को अपनी चपेट में ले लिया। अभी किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। हादसे के बाद दिल्ली-मुंबई रेलवे ट्रैक पर ट्रैफिक रोका दिया था। वहीं, ट्रेन का बिजली कनेक्शन काटकर प्रभावित दोनों कोच को अलग कर दिया गया था।

सिंगल लाइन पर शुरू हुआ ट्रेनों का संचालन

हादसे के बाद रेलवे ने यात्रियों की सुविधा और सूचना के लिए नागदा, उज्जैन एवं रतलाम स्टेशन पर हेल्प डेस्क शुरू कर दिए हैं। यहां यात्रियों और परिजनों को ट्रेन संचालन व अन्य जरूरी जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, हादसे के बाद प्रभावित रेलखंड की अप लाइन से ट्रेनों का परिचालन फिर से शुरू कर दिया गया है। फिलहाल, रेलवे ने सिंगल लाइन वर्किंग शुरू की है, जिसके तहत अप और डाउन दोनों दिशा की ट्रेनों का संचालन कराया जा रहा है। रेलवे की तकनीकी और राहत टीमें मौके पर ट्रैक और अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुटी हैं, ताकि जल्द से जल्द सामान्य रेल यातायात बहाल किया जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak