जबलपुर/दमोह। जबलपुर के समीपस्थ कटंगी से कुछ दूरी पर तेलनघाटी पहाड़ी से 12 भैंसों को धक्का देकर मारने वाले पांच आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इन आरोपियों ने मूंग की फसल खराब होने से नाराज होकर देर रात 13 भैंसों को 500 फीट ऊंची पहाड़ी से नीचे धकेल दिया था। सुबह राहगीरों ने खाई में भैंसों के शव देखकर पुलिस को सूचना दी थी, जिसके बाद जांच शुरू की गई।
पुलिस को पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि ये भैंसें उनके खेत में घुसकर मूंग की फसल नष्ट कर रही थीं। इसी आक्रोश में वे भैंसों को 500 फीट ऊंची तेलनघाटी पहाड़ी जबेरा दमोह पर ले गए और वहां से उन्हें धक्का दे दिया। इस क्रूर घटना में 11 भैंसों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो भैंसें गंभीर रूप से घायल हुई हैं। इस मामले में कंजई मानगढ़ निवासी द्वारका राय ने जबेरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि गांव के शारदा राय, राजकुमार राय और इंद्रकुमार राय की भैंसों को अज्ञात लोगों ने पहाड़ी से धक्का दिया था। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (क्चहृस्) की धारा 325 के तहत मामला दर्ज कर मुखबिरों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश करते हुए आरोपियों को पकड़ा है।
पुलिस ने इन्हे किया है गिरफ्तार-
जबेरा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पौड़ी निवासी सुभाष राय उम्र 41 वर्ष, परमलाल चौधरी 53 वर्ष, प्रवेन्द्र चौधरी 19 वर्ष, आनंद उर्फ कालू राय 32 वर्ष व अंशुल राय 27 वर्ष को गिरफ्तार किया है।