पुलिस के अनुसार खेरमाई मंदिर चांदमारी तलैया में रहने वाले मोनू दाहिया की क्षेत्र में कान्हा डेयरी एडं बेकरी के नाम से दुकान है। बीती रात मोनू दाहिया दुकान पर बैठे ग्राहकों को सामान दे रहे थे। इस दौरान एक मोटर साइकल पर चार नकाबपोश बदमाश आए, जिन्होने दुकान पर बमों से हमला कर दिया। एक के बाद एक बम फटने से क्षेत्र में अफरातफरी व भगदड़ मच गई। यहां तक कि मोनू दाहिया अपनी जान बचाने के लिए दुकान के अंदर ही बैठ गया। वहीं धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकले तो चारों ओर धुआं ही धुआं दिखाई दे रहा था। घटना की खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए, जिन्हे पूछताछ में पता चला कि बदमाशों ने पुरानी रंजिश के चलते दुकान संचालक पर बम से हमला किया है। हालांकि हमले में दुकान संचालक मोनू दाहिया बाल बाल बच गए। वहीं उनकी दुकान में रखा सामान क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरु कर दी है। जिन्हे पकडऩे के लिए पुलिस की टीमों द्वारा संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।