मदनमहल थाना क्षेत्र के नेपियर टाउन की घटना, पीड़िता ने दर्ज कराया मुकदमा
जबलपुर। मदनमहल थाना क्षेत्र अंतर्गत साइबर ठगी का एक बड़ा प्रकरण प्रकाश में आया है। यहां रहने वाली 59 वर्षीय संध्या खंडेलवाल के बैंक खाते से अज्ञात जालसाजों ने 5 लाख 50 हजार रुपए की राशि पार कर दी। पीड़िता ने मामले की लिखित शिकायत पुलिस थाने में दर्ज कराई है। कंचन परिसर नेपियर टाउन निवासी संध्या खंडेलवाल ने पुलिस को बताया कि उनके पति रेलवे से सेवानिवृत्त हो चुके हैं और उनके बच्चे शहर से बाहर रहते हैं। घटना वाले दिन दोपहर करीब 2:30 बजे पीड़िता के मोबाइल पर अचानक बैंक खाते से राशि कटने का मैसेज प्राप्त हुआ। उनके पति ने जब मोबाइल की जांच की तो पता चला कि यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की नेपियर टाउन शाखा में स्थित उनके खाते से 3 लाख रुपए कटने का संदेश आया था। तत्काल यह दंपति बैंक पहुंचा और वहां पदस्थ कर्मचारियों से जानकारी प्राप्त की। बैंक स्टाफ द्वारा खाते की सघन जांच करने पर यह तथ्य सामने आया कि पांच अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से कुल 5 लाख 50 हजार रुपए निकाले जा चुके हैं। पीड़िता का आरोप है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने धोखाधड़ी को अंजाम देते हुए उनके बैंक खाते में सेंध लगाई है। मदनमहल थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध बीएनएस की धारा 318(4) के तहत मामला पंजीबद्ध कर लिया है। वर्तमान में पुलिस बैंक ट्रांजेक्शन और साइबर एंगल से मामले की विस्तृत पड़ताल में जुटी है।
