दमोह। दमोह के बांदकपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर आज दोपहर एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक को फांसी के फंदे पर लटकते देख यात्रियों ने पुलिस को खबर दी। खबर मिलते ही जीआरपी व बांदकपुर चौकी से पुलिस मौके पर पहुंच गई। जिसकी पहचान सोशल मीडिया पर फोटो प्रसारित करने के बाद हुई है। मृतक की पहचान आजाद वार्ड गढ़ाकोटा निवासी उमाशंकर भोरहरि है। बताया गया है कि दमोह के बांदकपुर स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक एक के कटनी साइड सबसे आखिर में एक युवक ने आज दोपहर एक बजे के लगभग यात्रियों के बैठने के लिए रखी कुर्सियों के ऊपर लगे टीन शेड की रॉड से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। प्लेटफार्म के शेड पर फंदे से लटक रहे युवक पर यात्रियों की नजर पड़ी तो उन्होने पुलिस को खबर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास यात्रियों से पूछताछ की लेकिन किसी ने भी पहचान नहीं की। इसके बाद पुलिस ने सोशल मीडिया की मदद से मृतक की फोटो प्रसारित की। कुछ देर बाद ही पुलिस को खबर मिली कि मृतक आजाद वार्ड गढ़ाकोटा निवासी उमाशंकर भोरहरि है। बांदकपुर पुलिस ने मृतक के परिजनों से संपर्क कर घटना की जानकारी दी है। परिजन गढ़ाकोटा से बांदकपुर के लिए रवाना हो गए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए दमोह के जिला अस्पताल पहुंचाकर मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस का कहना है कि परिजनों के आने के बाद घटना के कारणों का पता चल सकेगा।
Tags
damoh