जबलपुर। घमापुर थाना क्षेत्र में गैंगवार की घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। 31 मार्च को चुंगी चौकी के पास हुई गोलीबारी के मामले में मुख्य आरोपी और शातिर बदमाश बाबू सिंधी को नागपुर से गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने गुरुवार को उसे 1 दिन की रिमांड पर लिया है। बाबू सिंधी के खिलाफ पहले ही 5 अप्रैल को एनएसए की कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेजा जा चुका था। रिमांड अवधि के दौरान पुलिस उससे घटना में प्रयुक्त हथियारों और अन्य साथियों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
जवाबी फायरिंग में घायल आरोपी भी गिरफ्तार
चुंगी चौकी स्थित मयूर कला मंदिर के समीप हुई इस वारदात में केवल यश थोराट ही घायल नहीं हुआ था, बल्कि बाबू सिंधी का साथी निखिल कंजा भी गोली लगने से जख्मी हो गया था। निखिल का उपचार मेडिकल अस्पताल में चल रहा था। पुलिस की कड़ी निगरानी के बीच अस्पताल से डिस्चार्ज मिलते ही गुरुवार को निखिल कंजा को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के उपरांत उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस इस मामले में शामिल अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
पुरानी रंजिश में आमने-सामने आए दो गुट
पुलिस जांच के अनुसार वारदात वाले दिन बाबू सिंधी अपने साथी छोटू चौबे और निखिल कंजा के साथ क्षेत्र में खड़ा था। इसी दौरान वहां यश थोराट पहुंचा और पुरानी रंजिश को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि बाबू सिंधी ने यश थोराट पर फायरिंग कर दी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद घायल यश ने भी जवाबी हमला करते हुए गोली चलाई जो निखिल कंजा को लगी। पुलिस ने इस मामले में परस्पर विरोधी गुटों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच को आगे बढ़ाया है। अब तक हुई कार्रवाई में बाबू सिंधी और निखिल कंजा दोनों को सलाखों के पीछे पहुँचाया जा चुका है।
