जबलपुर। घमापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मयूरकला मंदिर के पास बीती रात आपसी विवाद के बाद हुई फायरिंग की घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल निर्मित हो गया। इस वारदात में एक युवक के हाथ में गोली लगी है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
विवाद के दौरान पिस्टल से किया गया फायर
पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि छोटी ओमती उड़िया मोहल्ला निवासी 28 वर्षीय लकी यादव मयूरकला मंदिर के पास अपना स्वीट्स के सामने खड़ा होकर आइसक्रीम खा रहा था। उसी समय उसके दो साथी निखिल कंजा और बाबू सिंधी भी वहां पहुंच गए। तीनों आपस में चर्चा कर रहे थे कि तभी यश थोराट वहां आया और बाबू सिंधी के साथ अपशब्दों का प्रयोग करने लगा। बाबू सिंधी द्वारा इस व्यवहार का विरोध करने पर विवाद बढ़ गया। आक्रोशित होकर यश थोराट ने जान से मारने की नीयत से पिस्टल निकाली और सीधे फायरिंग कर दी। गोलीबारी के दौरान चली गोली निखिल कंजा के बाएं हाथ में जाकर लगी। अचानक हुई इस घटना से मौके पर भगदड़ मच गई और बाबू सिंधी व निखिल कंजा अपनी जान बचाकर वहां से भागे। घटना की सूचना मिलने के बाद घमापुर थाना पुलिस ने लकी यादव की शिकायत पर आरोपी यश थोराट के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 296(ए) और 109(1) के तहत मामला पंजीबद्ध किया है। फिलहाल पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
