जानकारी के अनुसार मकरोनिया क्षेत्र के ज्योति नगर निवासी फरियादी विजय सिंह राजपूत ने लोकायुक्त एसपी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। विजय सिंह ने बताया कि उनके निजी खेत में लगे पेड़ों की कटाई, लकड़ी के परिवहन और डिपो में बेचने के लिए टीपी जारी करने के एवज में रेंजर और बाबू उन्हें परेशान कर रहे थे। दोनों ने मिलकर 1 लाख रुपए की डील की थी, जिसमें से 40 हजार रुपए आरोपी पहले ही डकार चुके थे। शिकायत की पुष्टि होने के बाद आज लोकायुक्त टीम ने ट्रैप दल गठित किया। योजना के मुताबिक फरियादी विजय सिंह को 50 हजार रुपए की अगली किस्त लेकर रेंजर कार्यालय भेजा गया। जैसे ही बाबू जयप्रकाश तिवारी व रेंजर विकास सेठ ने रिश्वत की राशि ली, टीम ने दबिश देकर दोनों को धर दबोचा। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के हाथ धुलवाए गएए तो वे गुलाबी हो गए, जो रिश्वत लेने का पुख्ता प्रमाण है। लोकायुक्त निरीक्षक रंजीत सिंह ने बताया कि रेंजर विकास सेठ और बाबू जयप्रकाश तिवारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल टीम विभाग के अन्य दस्तावेजों की भी जांच कर रही है।