शादी समारोह के दौरान मामूली विवाद ने लिया खूनी रूप, चार फरार आरोपियों की तलाश जारी
जबलपुर। हनुमानताल थाना क्षेत्र स्थित नूरी नगर गेट के पास हुई मोनू उर्फ आदिल की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी मोहम्मद जीशान और उसके तीन अन्य साथियों मोहम्मद शहबाज, मोहम्मद यासीन अराफात और मोहम्मद तनवीर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों से पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किए गए 2 चाकू भी बरामद कर लिए हैं। घटनाक्रम के अनुसार 31 मार्च की रात बग्गी के घोड़े को दूर रखने जैसी छोटी सी बात पर जीशान और मोनू के बीच विवाद हुआ था। इस रंजिश को पालते हुए जीशान ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर मोनू पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमले किए थे, जिससे उसकी जान चली गई। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों का क्षेत्र में पैदल जुलूस निकाला। इस दौरान आरोपियों से अपराध करना पाप है, पुलिस हमारी बाप है जैसे नारे लगवाए गए ताकि जनता के मन से अपराधियों का खौफ कम हो सके। कार्रवाई के बाद सभी 4 आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस प्रशासन इस हत्याकांड में शामिल अन्य 4 फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रहा है।
