उमरिया. मध्य प्रदेश के उमरिया जिले के चंदिया में एक शादी समारोह के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बैंड बजा रहे एक युवक की अचानक तबीयत बिगडऩे से मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक को हार्ट अटैक आने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद शादी समारोह का माहौल भी गमगीन हो गया।
जानकारी के अनुसार कटनी जिले के बहोरीबंद क्षेत्र के जुझारी गांव निवासी राहुल वंशकार (21) पेशे से बैंड बाजा बजाने का काम करता था। वह अपने साथियों के साथ उमरिया जिले के चंदिया में आयोजित एक शादी समारोह में बैंड बजाने गया हुआ था। कार्यक्रम के दौरान वह अन्य साथियों के साथ बैंड बजा रहा था, तभी अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह वहीं गिर पड़ा। मौके पर मौजूद उसके साथियों और अन्य लोगों ने उसे संभालने की कोशिश की और प्राथमिक मदद देने का प्रयास किया, लेकिन कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
गांव के लोग सदमे में
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। शनिवार दोपहर जिला अस्पताल के पीएम हाउस में युवक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया।घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिजन और गांव के लोग गहरे सदमे में हैं। राहुल की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में भी शोक का माहौल है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
